मुंबई, 12 अप्रैल (भाषा) जानी मानी पार्श्व गायिका आशा भोसले की हालत नाजुक बनी हुई है। सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया दिल का दौरा पड़ने और फेफड़ों के संबंधित समस्याओं के बाद भोसले (92) को शनिवार शाम दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूत्रों ने बताया, “वह आईसीयू (गहन चिकित्सा इकाई) में हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।”
भोसले के परिवार ने उनके स्वास्थ्य को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
शनिवार को उनकी पोती जनाई ने ‘इंस्टाग्राम’ पर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी साझा करते हुए लिखा, “मेरी दादी आशा भोसले को अत्यधिक कमजोरी और छाती में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हम आपसे निजता का सम्मान करने का अनुरोध करते हैं। उनका इलाज किया जा रहा है और उम्मीद है कि सब ठीक हो जाएगा। हम आप लोगों को निश्चित तौर पर सूचित करते रहेंगे।”
भोसले, दिग्गज गायिका दिवंगत लता मंगेशकर की छोटी बहन हैं।
उन्होंने विभिन्न भारतीय भाषाओं में 12,000 से अधिक गाने रिकॉर्ड किए हैं और पद्मिनी एवं वैजयंतीमाला जैसी दक्षिण भारतीय अभिनेत्रियों से लेकर मीना कुमारी, मधुबाला, जीनत अमान, काजोल और उर्मिला मातोंडकर सहित कई प्रमुख अभिनेत्रियों को अपनी आवाज दी है।
भोसले के कुछ लोकप्रिय गानों में ‘चुरा लिया है तुमने जो दिल को’, ‘अभी ना जाओ छोड़कर’, ‘इंतहा हो गई इंतजार की’ आदि शामिल हैं।
उन्होंने 2023 में अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में दुबई में आयोजित एक विशेष संगीत कार्यक्रम ‘आशा90: लाइव इन कॉन्सर्ट’ में प्रस्तुति दी थी।
भाषा
खारी सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
