scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमदेशकेंद्र से टकराव के बीच तमिलनाडु को निधि कैसे मिलेगी: पलानीस्वामी

केंद्र से टकराव के बीच तमिलनाडु को निधि कैसे मिलेगी: पलानीस्वामी

Text Size:

तंजावुर (तमिलनाडु), 12 अप्रैल (भाषा) अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) प्रमुख ई.के. पलानीस्वामी ने राज्य को निधि जारी करने के मुद्दे पर द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब राज्य सरकार जानबूझकर केंद्र सरकार से टकराव कर रही है, तो उसे निधि कैसे मिल सकती है।

तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके) के महासचिव टी.टी.वी. दिनाकरन के साथ संयुक्त चुनाव प्रचार के तहत एक सभा को संबोधित करते हुए पलानीस्वामी ने शनिवार को कहा कि चुनाव के दौरान राजनीतिक दलों के बीच मतभेद हो सकते हैं या वे एक-दूसरे की आलोचना कर सकते हैं, लेकिन चुनाव के बाद चुनी हुई सरकार को उन लोगों की सेवा करनी चाहिए, जो उन्हें सत्ता में लेकर आए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “अगर राज्य सरकार जानबूझकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आलोचना करती है, तो तमिलनाडु को निधि कैसे मिल सकती है? केंद्र में कांग्रेस के साथ सत्ता साझा करने के दौरान भी द्रमुक को अपेक्षित निधि नहीं मिली थी। अब केंद्र के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने में विफल रहने के बाद वह भाजपा की आलोचना कर रही है।”

उन्होंने कहा कि अगर द्रमुक सरकार ने केंद्र के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखे होते तो उसे जनता के लिए आवश्यक निधि मिल सकती थी।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में शामिल एक द्रमुक मंत्री को जेल भेजा गया था और एक अन्य व्यक्ति भी तिहाड़ जेल में रह चुकी है जो अब मेरी आलोचना कर रही है। उन्हें मेरी आलोचना करने का कोई अधिकार नहीं है।”

पलानीस्वामी के साथ चुनाव प्रचार वाहन पर मौजूद दिनाकरन ने कहा कि वे दोनों “भाइयों” की तरह राजग उम्मीदवारों की जीत के लिए समर्थन जुटा रहे हैं।

उन्होंने जनता से “द्रमुक को सत्ता से बाहर करने” की अपील की।

भाषा खारी गोला

गोला

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments