scorecardresearch
Tuesday, 14 April, 2026
होमदेशजुबिन मामला: एनईआईएफ के आयोजक श्यामकानु महंत ने जमानत याचिका दायर की

जुबिन मामला: एनईआईएफ के आयोजक श्यामकानु महंत ने जमानत याचिका दायर की

Text Size:

गुवाहाटी, 10 अप्रैल (भाषा) जुबिन गर्ग हत्याकांड के प्रमुख आरोपी और पूर्वोत्तर भारत महोत्सव (एनईआईएफ) के आयोजक श्यामकानु महंत ने शुक्रवार को विशेष त्वरित अदालत में जमानत के लिए अर्जी दी।

विशेष लोक अभियोजक जियाउर कमर ने बताया कि महंत के वकील ने जमानत याचिका दायर की।

उन्होंने कहा, ‘‘वे सुनवाई की तारीख 13 अप्रैल चाहते थे, लेकिन अदालत ने इसे 22 अप्रैल के लिए निर्धारित किया है। हम जमानत याचिका पर आपत्ति दर्ज कराएंगे।’’

महंत ने इससे पहले भी जमानत के लिए अर्जी दी थी, लेकिन बाद में उसे वापस ले लिया था। विशेष सत्र त्वरित अदालत इस मामले की सुनवाई प्रतिदिन के आधार पर कर रही है।

गायक और संगीतकार जुबिन गर्ग की 19 सितंबर को सिंगापुर में लाजरस द्वीप के पास तैरते समय डूबने से मौत हो गई थी। यह घटना सिंगापुर में आयोजित पूर्वोत्तर भारत महोत्सव में उनके प्रदर्शन से एक दिन पहले हुई थी।

असम पुलिस के विशेष जांच दल ने इस मामले की जांच की और दिसंबर में यहां की एक स्थानीय अदालत में सात आरोपियों के खिलाफ नामजद आरोपपत्र दाखिल किया। इनमें से चार पर हत्या का आरोप है, जिनमें महंत भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने नवंबर में विधानसभा में कहा था कि गर्ग की मौत ‘स्पष्ट रूप से हत्या’ का मामला है।

लेकिन सिंगापुर पुलिस ने अलग से जांच की और निष्कर्ष निकाला कि इसमें किसी प्रकार की साजिश का कोई सबूत नहीं है। असम के अधिकारियों का कहना है कि सिंगापुर की जांच रिपोर्ट का यहां के मामले पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

भाषा संतोष अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments