scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशराजस्थान के मेहनती लोग गोवा की सांस्कृतिक विविधता को मजबूत कर रहे: ओम बिरला

राजस्थान के मेहनती लोग गोवा की सांस्कृतिक विविधता को मजबूत कर रहे: ओम बिरला

Text Size:

(फाइल फोटो के साथ)

पणजी, नौ अप्रैल (भाषा) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बृहस्पतिवार को कहा कि गोवा में राजस्थान के मेहनती लोगों की मौजूदगी राज्य की सांस्कृतिक विविधता और आर्थिक समृद्धि को मजबूत करती है।

बिरला ने गोवा में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए), भारत क्षेत्र, जोन-सात के सम्मेलन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि देश या दुनिया में शायद ही कोई ऐसी जगह हो, जहां राजस्थानी समुदाय के सदस्य मौजूद न हों।

बिरला ने गोवा में रहने वाले मारवाड़ी-राजस्थानी समुदाय के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘राजस्थान के लोग अपनी कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और नवाचार के जरिये न केवल फलते-फूलते हैं, बल्कि ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी आत्मसात करते हैं।’’

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि पर्यटन, कला और संस्कृति से समृद्ध राज्य गोवा में मारवाड़ी-राजस्थानी लोगों से मिलकर उन्हें बहुत खुशी हुई।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी पर खुशी जताते हुए बिरला ने कहा कि महिलाएं आज विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रही हैं और कार्यबल में उनकी बढ़ती भागीदारी उत्साहजनक है।

लोकसभा अध्यक्ष ने सभी को अपनी शुभकामनाएं दीं और कहा कि राष्ट्र एवं समाज के विकास में मारवाड़ी समुदाय की भूमिका और मजबूत होनी चाहिए तथा जन कल्याण के लिए उनके प्रयास सफल होने चाहिए।

भाषा आशीष पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments