scorecardresearch
Monday, 20 April, 2026
होमदेशमप्र: प्रेमी के साथ मिलकर महिला ने रची साजिश, 'सुपारी' देकर पति की हत्या करवाई

मप्र: प्रेमी के साथ मिलकर महिला ने रची साजिश, ‘सुपारी’ देकर पति की हत्या करवाई

Text Size:

धार (मध्यप्रदेश), नौ अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के धार जिले में एक महिला ने कथित रूप से अपने पति से छुटकारा पाने के लिए प्रेमी के साथ मिलकर साजिश रची और ‘सुपारी’ देकर उसकी हत्या करवा दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि जिले के गोंदीखेड़ा चारण में सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात हुई इस घटना को पत्नी ने पहले तो लूट का रूप देने की कोशिश की लेकिन पुलिस की कड़ी पूछताछ में वह टूट गई और अपराध स्वीकार कर लिया।

अधिकारी के अनुसार पुलिस ने महज 36 घंटे में इस मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने कहा कि सुपारी लेकर हत्या करने वाला अपराधी सुरेन्द्र अभी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) मयंक अवस्थी ने बताया कि आरोपी पत्नी प्रियंका पुरोहित (25) का देव कृष्ण पुरोहित (28) के साथ महज 15 वर्ष की उम्र में विवाह हो गया था और दोनों अलग-अलग अपने परिवार के साथ रहते थे।

उन्होंने बताया कि 21 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद प्रियंका अपने ससुराल आ गई लेकिन वह देव कृष्ण के साथ रहने के लिए राजी नहीं थी और इसी कारण दोनों में अक्सर विवाद होता था।

अवस्थी ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रियंका का आरोपी कमलेश (32) के बीच प्रेम प्रसंग था।

उन्होंने कहा कि बाल विवाह के कारण भले ही सामाजिक तौर पर देव कृष्ण, प्रियंका का पति था लेकिन उसका लगाव कमलेश के प्रति था और यही हत्याकांड के रूप में सामने आया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच में सामने आया कि इसी कारण प्रियंका ने कमलेश के साथ मिलकर इस हत्याकांड की योजना बनाई और एक लाख रुपये की सुपारी देकर सुरेंद्र के हाथों पति देव कृष्ण की हत्या करवा दी।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ की तो पत्नी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस फरार सह-आरोपी सुरेंद्र की तलाश कर रही है।

पुलिस ने बताया कि प्रियंका ने पहले इस हत्याकांड को लूट की घटना बताई थी और शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह अपने घर पर सो रही थी तभी कुछ बदमाश वहां घुस गए और देव कृष्ण के सर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

प्रियंका ने कहा था कि बदमाशों ने उसे बंधक बनाकर दूसरे कमरे में छोड़ दिया और कीमती सामान लूट कर ले गए।

उसने पुलिस को बताया था कि बदमाशों के हमले में उसके पति की मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रियंका के लगातार बदलते बयानों और उसके हाव-भाव से पुलिस को शक हुआ। उन्होंने कहा कि इसके बाद जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने सारा सच उगल दिया।

भाषा सं ब्रजेन्द्र राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments