दीफू (असम), नौ अप्रैल (भाषा) असम के कार्बी आंगलोंग जिला प्रशासन ने एक मतदान केंद्र के अंदर मतदान प्रक्रिया कथित तौर पर दिखाए जाने वाले वीडियो के सोशल मीडिया पर साझा होने का संज्ञान लेते हुए बृहस्पतिवार को पुलिस में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि दीफू निर्वाचन क्षेत्र के एक मतदान केंद्र के अंदर कथित तौर पर वीडियो बनाई गई और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
मतदान केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन प्रतिबंधित हैं और निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं को प्रवेश करने से पहले फोन, बैग तथा ऐसी अन्य वस्तुओं को जमा करने की व्यवस्था की गई है।
यहां एक अधिकारी ने कहा, ‘‘कार्बी आंगलोंग जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे एक वीडियो का संज्ञान लिया है, जिसमें एक मतदान केंद्र के अंदर मतदान प्रक्रिया कथित तौर पर दिखाई गई है।’’
जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अधिकारी ने कहा कि मामले की सच्चाई का पता लगाने और दोषियों की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
असम में 126 विधानसभा सीट के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू होकर शाम पांच बजे तक जारी रहा। मतगणना चार मई को होगी।
भाषा यासिर माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
