scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमखेलपावर हिटिंग के दौर में कोनोली को टाइमिंग और लय पर भरोसा

पावर हिटिंग के दौर में कोनोली को टाइमिंग और लय पर भरोसा

Text Size:

मुल्लांपुर, नौ अप्रैल (भाषा) टी20 क्रिकेट में पावर हिटिंग (ताकत वाले शॉट) के इस दौर में पंजाब किंग्स के बल्लेबाज कूपर कोनोली सफलता के लिए टाइमिंग, लय और आत्मविश्वास पर भरोसा करते हैं।

ऑस्ट्रेलिया के इस 22 साल के खिलाड़ी ने अपने आईपीएल पदार्पण पर 44 गेंदों पर नाबाद 72 रन की संयमित पारी खेलकर प्रभावित किया। उनकी इस पारी से पंजाब किंग्स को गुजरात टाइटंस के खिलाफ शुरुआती मैच में तीन विकेट से जीत मिली।

इस पारी ने उनके इस विश्वास को मजबूत किया कि क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में दबदबा बनाने के लिए सिर्फ पावर हिटिंग ही जरूरी नहीं है।

उन्होंने कहा, “हर खिलाड़ी की अपनी-अपनी ताकत होती है और मैं अपनी उन्हीं खूबियों पर कायम रहना चाहता हूं, जिन्होंने अब तक मुझे सफलता दिलाई है।”

कोनोली ने ‘जियोस्टार प्रेस रूम’ में कहा, “बेशक, टी20 क्रिकेट में ताकत (पावर) एक बड़ा हिस्सा बनती जा रही है, लेकिन इसके अलावा भी कई तरीके हैं और मैं उन्हें समझने और सीखने की कोशिश करूंगा।”

अपनी मौजूदा शैली में सहज कोनोली मानते हैं कि लय पर आधारित उनका खेल उन्हें टीम के लिए सबसे प्रभावी योगदान देने में मदद करता है। वह हालांकि अपने खेल में बदलाव के लिए भी तैयार हैं।

उन्होंने कहा, “मैं पिछले पांच-छह वर्षों से जिस तरह से खेल रहा हूं, उसी पर कायम रहूंगा और धीरे-धीरे उसमें छोटे-छोटे बदलाव जोड़कर खुद को बेहतर बनाऊंगा।”

आईपीएल में अपनी रणनीति के बारे में पूछे जाने पर कोनोली ने बताया कि वे स्पिन गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश करते हैं, ताकि प्रतिद्वंद्वी कप्तान तेज गेंदबाजों को वापस लाने के लिए मजबूर हों। वह खुद को तेज गेंदबाजी के खिलाफ बेहतर बल्लेबाज मानते हैं।

उन्होंने कहा, “अब तक विकेट काफी अच्छे रहे हैं, इसलिए कोशिश यही रहती है कि स्पिन गेंदबाजों पर दबाव बनाया जाए और उन्हें निशाना बनाकर तेज गेंदबाजों को वापस लाया जाए, क्योंकि मुझे लगता है कि मैं तेज गेंदबाजों के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाता हूं।”

इस युवा बल्लेबाज ने कहा, “इसलिए मैं यह सुनिश्चित करता हूं कि जितना हो सके दबदबा बनाऊं। स्पिन के खिलाफ खेलना भी एक चुनौती है, और हर बार ऐसा नहीं हो पाएगा, तो ऐसे में मुझे यह समझना होगा कि उसे कैसे संभालना है।”

भाषा आनन्द मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments