गुवाहाटी, नौ अप्रैल (भाषा) असम विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार सुबह से जारी मतदान के बीच अपराह्न तीन बजे तक 76 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस चुनाव में लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरी है, जबकि कांग्रेस 2016 में हारने के बाद फिर से सरकार बनाना चाहती है।
अधिकारियों ने बताया कि 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और राज्य के 2.5 करोड़ मतदाताओं में से 75.91 प्रतिशत ने अपराह्न तीन बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग किया, हालांकि राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए हुए थे और बारिश हो रही थी। मतदान शाम पांच बजे तक जारी रहेगा।
तीन चरणों में कराए गए 2021 के विधानसभा चुनावों में लगभग 82 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।
इस बार एक चरण के चुनाव में कुल 722 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिसमें मुख्य रूप से भाजपा के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन और कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं।
अधिकारियों ने बताया कि अपराह्न तीन बजे तक कामरूप के चमारिया में सबसे अधिक 84.43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि न्यू गुवाहाटी में सबसे कम 60.57 प्रतिशत मतदान हुआ।
लुकबाड़ी सीट से दोबारा चुनाव मैदान में उतरे मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कामरूप (मेट्रो) जिले के गराल बुनियादी एलपी स्कूल में अपनी पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा, बेटे नंदिल और बेटी सुकन्या के साथ मतदान किया।
मतदान से पहले उन्होंने परिवार सहित नीलांचल पहाड़ियों पर स्थित कामाख्या मंदिर और उत्तर गुवाहाटी के डौल गोविंदा मंदिर में पूजा-अर्चना की।
उधर, कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने अपनी मां डॉली गोगोई के साथ जोरहाट के डीसीबी एलपी स्कूल में वोट डाला।
अब तक वोट डालने वाले अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में नाजिरा में विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया, जोरहाट में केंद्रीय मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा, खोवांग में असम गण परिषद अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई और शिवसागर में रायजोर दल प्रमुख अखिल गोगोई शामिल हैं।
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
