scorecardresearch
Friday, 1 May, 2026
होमदेशहिमंत शर्मा ने जालुकबाड़ी में वोट डाला, मुख्यमंत्री के तौर पर लगातार तीसरी पारी की उम्मीद जतायी

हिमंत शर्मा ने जालुकबाड़ी में वोट डाला, मुख्यमंत्री के तौर पर लगातार तीसरी पारी की उम्मीद जतायी

Text Size:

गुवाहाटी, नौ अप्रैल (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को विधानसभा चुनाव के लिए अपना वोट डाला और इस बात पर जोर दिया कि मतदाता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को निर्णायक जनादेश देंगे।

शर्मा के साथ उनकी पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा और दोनों बच्चे नंदिल और सुकन्या भी थे। उन्होंने गरल बुनियादी लोअर प्राइमरी स्कूल नंबर 15 में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

राज्य में राजग का नेतृत्व कर रहे और मुख्यमंत्री के तौर पर लगातार तीसरी पारी के आकांक्षी शर्मा जालुकबाड़ी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जिसका प्रतिनिधित्व वह 2001 से करते आ रहे हैं।

मतदान से पहले शर्मा ने कामाख्या मंदिर सहित कई मंदिरों में पूजा-अर्चना की।

शर्मा ने मतदान के बाद पत्रकारों से कहा, ‘एक मतदाता के रूप में, मैंने अपना कर्तव्य निभाया है, और मैं सभी मतदाताओं से आग्रह करता हूं कि वे अगले पांच वर्षों में निरंतर विकास के लिए अपना कर्तव्य निभाएं।’

उन्होंने कहा कि लोग भाजपा के नेतृत्व वाले राजग को निर्णायक जनादेश देंगे। मुख्यमंत्री ने अच्छी मतदान भागीदारी की उम्मीद जताई खासकर राज्य के कई हिस्सों में सुबह की बारिश के बाद मौसम साफ़ होने के बाद।

कांग्रेस द्वारा उनपर और उनकी पत्नी के खिलाफ लगाए गए आरोपों के बारे में पूछे जाने पर शर्मा ने कहा, ‘कहां है ये कांग्रेस ? कहां रहती है? ये क्या पार्टी है? मैंने तो इसके बारे में सुना नहीं है।’

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा द्वारा उनकी पत्नी रिनिकी के कई पासपोर्ट होने और विदेशों में निवेशों को लेकर लगाए गए आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा, ‘पवन खेड़ा एक ‘भगोड़ा’ है। मैं उन्हें जवाब क्यों दूं।’

उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों का हवाला देते हुए आगे के राजनीतिक सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया।

उन्होंने कहा, ‘मैं कोई नियम नहीं तोड़ना चाहता और बेवजह अपने खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं करवाना चाहता। मैं शाम पांच बजे के बाद सभी सवालों के जवाब दूंगा।’

असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। मतगणना चार मई को होगी।

भाषा तान्या पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments