scorecardresearch
Thursday, 9 April, 2026
होमदेशप्रधानमंत्री मोदी पश्चिम बंगाल में तीन चुनावी रैलियां कर भाजपा के प्रचार अभियान को और तेज करेंगे

प्रधानमंत्री मोदी पश्चिम बंगाल में तीन चुनावी रैलियां कर भाजपा के प्रचार अभियान को और तेज करेंगे

Text Size:

कोलकाता, आठ अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज यानी बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल में भाजपा के चुनाव अभियान को तेजी प्रदान करते हुए हल्दिया, आसनसोल और सिउरी में तीन रैली करेंगे।

मार्च के मध्य में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद से यह राज्य में उनका दूसरा दौरा होगा।

चुनाव स्थलों का चयन भाजपा के उस प्रयास को रेखांकित करता है जिसके तहत वह उन क्षेत्रों में अपना समर्थन मजबूत करना चाहती है जहां उसने बड़ी बढ़त हासिल की है। पार्टी साथ ही साथ सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले क्षेत्रों में भी अपनी पैठ बनाना चाहती है।

भाजपा द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, मोदी सुबह साढ़े नौ बजे पूर्वी मेदिनीपुर जिले के हल्दिया कस्बे में अपनी पहली रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह दोपहर में आसनसोल के पोलो ग्राउंड स्थित आउटडोर स्टेडियम में दूसरी रैली को संबोधित करेंगे। तीसरी जनसभा दोपहर दो बजे बीरभूम जिले के सिउरी कस्बे के चांदमारी मैदान में आयोजित की जाएगी।

हल्दिया को विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी का गढ़ माना जाता है और यह राज्य में भाजपा के सबसे मजबूत गढ़ों में से एक है।

आसनसोल में प्रधानमंत्री की दूसरी रैली पश्चिम बर्धमान के औद्योगिक क्षेत्र में होगी, जिसे कभी भाजपा का गढ़ माना जाता था। पार्टी ने 2021 में आसनसोल लोकसभा सीट और इसके अंतर्गत आने वाली दो विधानसभा सीट में से एक पर जीत हासिल की थी। पिछले विधानसभा चुनावों में आसनसोल दक्षिण सीट भाजपा की अग्निमित्रा पॉल ने जीती थी।

प्रधानमंत्री की दिन की अंतिम रैली बीरभूम जिले के सिउरी में होगी, जिसे तृणमूल का गढ़ माना जाता है। बीरभूम पारंपरिक रूप से सत्तारूढ़ पार्टी के प्रभाव में रहा है। हालांकि जिले के कुछ हिस्सों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का मजबूत संगठनात्मक नेटवर्क लंबे समय से मौजूद हैं।

पश्चिम बंगाल विधानसभा की सभी 294 सीट के लिए चुनाव 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरण में होंगे और मतों की गिनती चार मई को होगी।

भाषा सिम्मी सुरभि

सुरभि

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments