scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेशसुक्खू सरकार के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता नाखुश: हिमाचल प्रदेश इकाई के पूर्व प्रमुख

सुक्खू सरकार के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता नाखुश: हिमाचल प्रदेश इकाई के पूर्व प्रमुख

Text Size:

शिमला/मंडी, आठ अप्रैल (भाषा) कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष कौल सिंह ठाकुर ने बुधवार को दावा किया कि सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार से पार्टी कार्यकर्ता नाखुश हैं क्योंकि उनके काम नहीं हो रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के दरंग विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं के काम तेजी से हो रहे हैं, जबकि समर्पित कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दर-दर भटकना पड़ रहा है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब कार्यकर्ताओं के काम ही नहीं हो रहे हैं तो “अपनी” सरकार होने का क्या लाभ है।

पूर्व मंत्री और विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ठाकुर ने कहा कि उन्होंने हाल ही में स्कूल प्रधानाध्यापकों की प्रोन्नति के लिए नाम दिए थे, लेकिन उन्हें मंडी में रिक्त पदों पर नियुक्त करने के बजाय किब्बर और पांजई जैसे दूरदराज क्षेत्रों में भेज दिया गया। उन्होंने कहा, “मैंने इस बारे में मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत रूप से भी बताया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।”

उन्होंने कहा कि अगर वरिष्ठ नेताओं की सिफारिशों का ऐसा हाल हुआ तो आम पार्टी कार्यकर्ता की शिकायतें कौन सुनेगा?

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में असंतोष व्याप्त है क्योंकि उनका काम नहीं हो रहा है।

सिंह ने मुख्यमंत्री को आगाह किया, ‘अगर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार नहीं किया गया और उनकी जायज मांगों को नजरअंदाज किया जाता रहा तो पार्टी को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।’

भाषा

राखी अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments