scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमखेलबैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप: आयुष ने ली शी को हराकर उलटफेर किया, सिंधू और प्रणय भी जीते

बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप: आयुष ने ली शी को हराकर उलटफेर किया, सिंधू और प्रणय भी जीते

Text Size:

निंगबो (चीन), आठ अप्रैल (भाषा) भारत के उभरते हुए स्टार आयुष शेट्टी ने बुधवार को यहां बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में उलटफेर करते हुए दुनिया के सातवें नंबर के खिलाड़ी चीन के लिन शी फेंग को हराया जबकि पूर्व विश्व चैंपियन पीवी सिंधू और अनुभवी एचएस प्रणय भी प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए।

अमेरिकी ओपन 2025 चैंपियन आयुष ने चीन के स्टार लिन को 51 मिनट में 21-13, 21-16 से हराया।

दोनों गेम में लिन की अच्छी शुरुआत के बावजूद आयुष दबदबा बनाते हुए अंतिम 16 में पहुंच गए।

लिन ने शुरुआत में ही 4-1 की बढ़त बना ली लेकिन आयुष ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 7-7 से बराबर कर दिया। इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे खेल पर नियंत्रण बनाकर पहला गेम अपने नाम कर दिया।

दूसरे गेम में चीन के खिलाड़ी ने अच्छी शुरुआत करके 4-1 से बढ़त हासिल की और फिर इसे 12-9 तक पहुंचाया लेकिन आयुष ने लगातार छह अंक बनाकर मैच का रुख पलट दिया और स्कोर 18-13 कर दिया।

लिन ने अंतर कम करते हुए स्कोर 16-18 कर दिया, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने अपना संयम बनाए रखा और लगातार तीन अंक के साथ खिताब के दावेदार माने जा रहे लिन को बाहर का रास्ता दिखा दिया।

सिंधू ने महिल एकल में मलेशिया की वोंग लिंग चिंग को 57 मिनट में 15-21, 21-11, 21-19 से हराया।

अब सिंधू का सामना प्री क्वार्टर फाइनल में दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी चीन की वांग झी यी से होगा। दोनों का पिछले मुकाबलों में जीत-हार का रिकॉर्ड 3-3 का रहा है।

पुरुष एकल में अनुभवी प्रणय ने वियतनाम के एनगुएन हेई डांग को 47 मिनट में 24-22, 21-12 से हराया।

दूसरे दौर में उनका सामना चीन के होंग यांग से होगा जिन्हें पहले दौर में वॉकओवर मिला।

लक्ष्य सेन, किदांबी श्रीकांत, मालविका बंसोड़ और तन्वी शर्मा पहले दौर में ही हारकर बाहर हो गए हैं।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments