scorecardresearch
Thursday, 9 April, 2026
होमदेशकेरल विधानसभा के लिए चुनाव प्रचार आज शाम समाप्त होगा

केरल विधानसभा के लिए चुनाव प्रचार आज शाम समाप्त होगा

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, सात अप्रैल (भाषा) केरल में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार मंगलवार शाम को समाप्त हो जाएगा।

सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले तीनों राजनीतिक गठबंधनों ने राज्य के 2.71 करोड़ मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए आखिरी प्रयास तेज कर दिए हैं।

भारत निर्वाचन आयोग ने प्रचार समाप्त होने के बाद 48 घंटे की अवधि के दौरान सख्त प्रतिबंध लागू करने के निर्देश दिए हैं।

केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रतन यू. केलकर के अनुसार, ये नियम निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करने के लिए बनाए गए हैं, ताकि मतदाता बिना किसी दबाव या प्रभाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

इस अवधि में सार्वजनिक सभाएं, जुलूस, रैलियां, संगीत कार्यक्रम, नाटक और अन्य मनोरंजन गतिविधियां, जो मतदाताओं को प्रभावित कर सकती हैं, पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी। साथ ही आठ और नौ अप्रैल को अखबारों में प्रकाशित होने वाले राजनीतिक विज्ञापनों के लिए मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति से पूर्व अनुमति आवश्यक होगी।

इस चुनाव में 140 सीट के लिए 890 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव प्रचार के दौरान भ्रष्टाचार, वित्तीय कुप्रबंधन और यूडीएफ तथा एलडीएफ द्वारा एक-दूसरे पर भाजपा से “सौदेबाजी” के आरोप प्रमुख मुद्दे रहे। भाजपा ने भी वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) पर गुप्त गठबंधन का आरोप लगाया है।

केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए नौ अप्रैल को एक चरण में मतदान होगा।

भाषा गोला संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments