scorecardresearch
Thursday, 9 April, 2026
होमदेशठाणे जेल में कैदी ने जेलकर्मियों पर हमला किया और धमकी दी; मामला दर्ज

ठाणे जेल में कैदी ने जेलकर्मियों पर हमला किया और धमकी दी; मामला दर्ज

Text Size:

ठाणे, पांच अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक कैदी ने अदालत परिसर में अपने भाई से अनधिकृत मुलाकात की अनुमति नहीं मिलने पर एक कांस्टेबल पर कथित रूप से हमला किया और उसे धमकी दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि अविनाश जाधव ठाणे केंद्रीय जेल में सजा काट रहा है। दो अप्रैल को हुई घटना के संबंध में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 132 (लोक सेवक को कर्तव्य निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि पीड़ित 42 वर्षीय जेल कांस्टेबल है जो अदालत से जेल लौट रहे विचाराधीन कैदियों और दोषियों के एक समूह की निगरानी करता है। जाधव ने जेल के प्रवेश द्वार पर उस पर हमला किया और उसे धमकी दी।

अधिकारी ने बताया कि जाधव कथित तौर पर उसी दिन मुंबई की सत्र अदालत में कांस्टेबल के साथ हुए एक विवाद को लेकर बेहद गुस्से में था।

अधिकारी ने कहा, ‘‘शिकायत के अनुसार जाधव इसलिए नाराज था क्योंकि कांस्टेबल ने उसके भाई को उसे कोई सामान देने से रोक दिया था और उसे दूर रहने को कहा था।’’

उन्होंने बताया कि आरोपी ने हंगामा किया, जेलकर्मियों पर चिल्लाया और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को धमकी दी।

भाषा सुरभि खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments