scorecardresearch
Saturday, 4 April, 2026
होमखेल‘गोल्डन बूट वाले खिलाड़ी’ गिलबर्टसन संगमा का निधन

‘गोल्डन बूट वाले खिलाड़ी’ गिलबर्टसन संगमा का निधन

Text Size:

गुवाहाटी, चार अप्रैल (भाषा) ‘गोल्डन बूट वाला खिलाड़ी’ का विशेषण पाने वाले असम के मशहूर फुटबॉलर गिलबर्टसन संगमा का शनिवार को गुवाहाटी स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे।

संगमा पिछले कुछ वर्षों से बढ़ती उम्र से जुड़ी बीमारियों से जूझ रहे थे। उनका अंतिम संस्कार रविवार को होने की संभावना है।

फुटबॉल में अपने शानदार कौशल के लिए संगमा को ‘गोल्डन बूट वाला खिलाड़ी’ कहा जाता था। वह राज्य पुलिस टीम का हिस्सा थे और उन्होंने संतोष ट्रॉफी में कई सत्र तक असम का प्रतिनिधित्व भी किया था।

संगमा को 2022 में राज्य के दूसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार, ‘असम सौरभ’ से सम्मानित किया गया था।

उन्होंने असम पुलिस टीम को बोरदोलोई ट्रॉफी और स्वतंत्रता दिवस कप सहित कई ट्रॉफियां जीतने में भी मदद की।

संगमा को 1970 के दशक के मध्य में इंडोनेशिया और थाईलैंड में खेले गए तीन अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैचों के लिए भारतीय टीम में भी चुना गया था।

नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘हम असम के मशहूर फुटबॉलरों में से एक गिलबर्टसन संगमा के निधन पर शोक व्यक्त करते हैं जिन्हें गोल्डन बूट वाला खिलाड़ी कहा जाता था।’’

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने भी संगमा के निधन पर शोक व्यक्त किया।

भाषा

पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments