scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमदेशगुना में बुजुर्ग दंपति के शव उनके घर में पाए गए, आत्महत्या की आशंका

गुना में बुजुर्ग दंपति के शव उनके घर में पाए गए, आत्महत्या की आशंका

Text Size:

गुना (मप्र), तीन अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के गुना शहर में शुक्रवार को एक बुजुर्ग दंपति के शव उनके घर में पाए गए। पुलिस ने आशंका जताई है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान 70 वर्षीय दिलीप कुमार गोयल और उनकी पत्नी किरण (65) के रूप में हुई है।

दोनों के शव कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित धाकड़ कॉलोनी में उनके घर से बरामद किए गए।

उन्होंने कहा कि दिलीप कुमार का शव एक कमरे में फंदे से लटका पाया गया, जबकि उनकी पत्नी का शव दूसरे कमरे में बिस्तर पर पड़ा था। घटना का पता तब चला जब पड़ोसियों और परिजनों को संदेह हुआ।

अधिकारी ने बताया, ‘‘प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या की, जबकि उसकी पत्नी ने संभवत: जहर का सेवन कर अपनी जान दी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।’’

उन्होंने कहा कि पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।

मृतक के पोते पंकज गोयल ने बताया, ‘‘मेरी दादी लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। उनका भोपाल और इंदौर सहित कई स्थानों पर इलाज चला था। कभी-कभी वह अपने बच्चों को भी नहीं पहचान पाती थीं। दादा ने उनका काफी इलाज कराया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता उस रात क्या हुआ। शाम करीब छह बजे बात हुई थी, तब दादा ने कहा था कि वह अगले दिन सुबह दाल-बाटी खाना चाहते हैं।’’

गुना की पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने बताया कि दंपति के शव धाकड़ कॉलोनी स्थित उनके घर में पाए गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

भाषा सं दिमो

संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments