पटना: बिहार में टैक्स कलेक्शन में बढ़ोतरी हुई है और वित्त वर्ष 2025-26 में राज्य का कुल राजस्व 43,324 करोड़ रुपये पहुंच गया. वाणिज्य कर मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि जीएसटी, वैट और अन्य स्रोतों से यह रिकॉर्ड संग्रह हुआ है, जो पिछले साल से 4.09 प्रतिशत ज्यादा है.
राज्य को जीएसटी से 32,077 करोड़ रुपये मिले और इसमें 9.20 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो राष्ट्रीय औसत से ज्यादा है. बिहार जीएसटी ग्रोथ में देश में चौथे स्थान पर है. मार्च 2026 में जीएसटी कलेक्शन में 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई.
गैर-जीएसटी स्रोतों से 11,247 करोड़ रुपये की आय हुई, जिसमें पेट्रोल-डीजल पर वैट, बिजली शुल्क और प्रोफेशनल टैक्स शामिल है.
निबंधन विभाग ने भी अच्छा प्रदर्शन किया और 8,250 करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले 8,403 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाया, जो लक्ष्य से ज्यादा है. वित्त वर्ष 2025-26 में निबंधन से आय में करीब 9.86 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है.
