चंडीगढ़, दो अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने यहां पार्टी मुख्यालय के बाहर हुए धमाके को दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि यह राज्य में शांति और भाईचारे के खिलाफ काम करने वाली ताकतों की कायराना हरकत है।
शर्मा ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधा और इस धमाके को पुलिस थानों के बाहर हुए ग्रेनेड हमलों और अन्य घटनाओं से जोड़ा।
अधिकारियों के अनुसार, बुधवार शाम करीब पांच बजे एक संदिग्ध देसी विस्फोटक उपकरण पार्टी कार्यालय के पास फेंका गया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इलाके में दहशत फैल गई।
मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान शर्मा ने सोशल मीडिया पर सामने आए एक अपुष्ट वीडियो का जिक्र किया, जिसमें एक व्यक्ति नीले रंग के ग्रेनेड की पिन निकालकर उसे फेंकता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा व्यक्ति इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है।
शर्मा ने कहा कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति कथित तौर पर ग्रेनेड को भाजपा कार्यालय के अंदर फेंकना चाहता था, लेकिन निशाना चूक जाने पर वह बाहर गिर गया, जिसके बाद दूसरा व्यक्ति उसे गाली देता हुआ दिखाई दे रहा है।
इससे पहले, उन्होंने पार्टी मुख्यालय के बाहर विस्फोट स्थल का दौरा किया और कहा कि यह अच्छी बात है कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
उन्होंने कहा, “इस कार्यालय में कई कार्यकर्ता मौजूद रहते हैं। यहां वरिष्ठ पार्टी नेता भी ठहरते हैं, क्योंकि यह एक आवासीय क्षेत्र भी है।”
पठानकोट से विधायक शर्मा ने कहा कि घटना के पीछे के मकसद का पता जांच पूरी होने के बाद चलेगा।
भाषा जोहेब पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
