सूरत (गुजरात), एक अप्रैल (भाषा) गुजरात के सूरत में बुधवार को एक कपड़ा कारखाने में भीषण आग लग गई, जिसे काबू में करने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सचिन औद्योगिक क्षेत्र में ‘गोपी निटिंग टेक्सटाइल फैक्टरी’ में लगी आग में अभी तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
एक अधिकारी ने बताया कि कपड़े और नायलॉन सामग्री की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैलने लगी और पूरे कारखाने को अपनी चपेट में ले लिया।
उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए 12 से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। उन्होंने कहा कि आग को आसपास के कारखानों में फैलने से रोकने के लिए एहतियाती उपाय किए गए हैं।
अधिकारी ने बताया कि आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन इससे कारखाने को व्यापक नुकसान हुआ है।
भाषा शफीक देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.