नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) विश्व कप की तैयारी के लिये एक अप्रैल से शुरू हो रहे भारत के सीनियर महिला हॉकी शिविर में जब 31 संभावित खिलाड़ी एकत्र होंगे तो फोकस टीम संयोजन तैयार करने, फिटनेस का स्तर और रणनीतिक पहलुओं को बेहतर करने पर रहेगा ।
शिविर बेंगलुरू स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र पर लगाया जायेगा ।
भारतीय टीम ने हाल ही में हैदराबाद में एफआईएच विश्व कप क्वालीफायर में दूसरा स्थान हासिल करके अगस्त में बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले विश्व कप के लिये क्वालीफाई किया है ।
भारतीय टीम जून में नेशंस कप, उसके बाद विश्व कप और 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक जापान में एशियाई खेलों में हिस्सा लेगी ।
हैदराबाद में विश्व कप क्वालीफायर्स से बाहर रही अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया की टीम में वापसी हुई है । उनके अलावा माधुरी किंडो, बांसरी सोलंकी और हाल ही में हॉकी इंडिया वर्ष की सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार जीतने वाली बिछू देवी खारीबम गोलकीपरों में है ।
डिफेंस में निक्की प्रधान , उदिता, इशिका चौधरी, ज्योति सिंह, लालथांटुआंगी, ज्योति और शिल्पी डबास हैं । वहीं मिडफील्ड में कप्तान सलीमा टेटे, सुशीला चानू, मनीषा चौहान, वैष्णवी विट्ठल फाल्के और नेहा गोयल हैं । उनके साथ हॉकी इंडिया वर्ष की सर्वश्रेष्ठ उदीयमान खिलाड़ी का पुरस्कार जीतने वाली साक्षी राणा, सुनेलिटा टोप्पो और इशिका भी हैं ।
फॉरवर्ड पंक्ति में वर्ष की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुनी गई नवनीत कौर, दीपिका, लालरेम्सियामी, मुमताज खान , दीपिका सोरेंग, रूतुजा दादोसा पिसल, बलजीत कौर, अन्नु, ब्यूटी डुंगडुंग , हीना बानो , सोनम और संगीता कुमारी हैं ।
शिविर के बारे में कोच शोर्ड मारिन ने कहा ,‘‘ यह आगामी प्रतिस्पर्धी सत्र की तैयारी के लिये हमारा अगला कदम है । हम प्रदर्शन में निरंतरता लाने के साथ यह कोशिश करेंगे कि आगामी चुनौतियों के लिये शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहें ।’’
संभावित खिलाड़ी :
गोलकीपर : सविता, माधुरी किंडो, बिछू देवी खारीबम, बांसरी सोलंकी
डिफेंडर : निक्की प्रधान , उदिता, इशिका चौधरी, ज्योति सिंह, लालथांटुआंगी, ज्योति और शिल्पी डबास
मिडफील्डर : सलीमा टेटे, सुशीला चानू, मनीषा चौहान, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, नेहा गोयल, साक्षी राणा, सुनेलिटा टोप्पो और इशिका
फॉरवर्ड : नवनीत कौर, दीपिका, लालरेम्सियामी, मुमताज खान , दीपिका सोरेंग, रूतुजा दादोसा पिसल, बलजीत कौर, अन्नु, ब्यूटी डुंगडुंग , हीना बानो , सोनम और संगीता कुमारी
भाषा मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.