scorecardresearch
Thursday, 23 April, 2026
होमदेशपंजाब के हलवारा हवाई अड्डे के लिए उड़ानों की बुकिंग अप्रैल में शुरू होगी : रवनीत बिट्टू

पंजाब के हलवारा हवाई अड्डे के लिए उड़ानों की बुकिंग अप्रैल में शुरू होगी : रवनीत बिट्टू

Text Size:

चंडीगढ़, 29 मार्च (भाषा) केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने रविवार को कहा कि पंजाब के हलवारा हवाई अड्डे के लिए उड़ान बुकिंग अप्रैल में शुरू होने वाली है और पहली वाणिज्यिक उड़ान के 10 से 15 मई के बीच शुरू होने की संभावना है।

बिट्टू ने इसे राज्य के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि उड़ान संचालन की शुरुआत 160 सीट वाले एयरबस ए320 विमान के साथ की जाएगी।

बिट्टू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘शुरुआत में दिल्ली और हलवारा के बीच प्रतिदिन दो विमान उड़ान भरेंगे, जिसमें से एक उड़ान सुबह और एक दोपहर में संचालित होगी। यह इस क्षेत्र के संपर्क के लिये एक बड़ी उपलब्धि होगी।’’

बिट्टू ने पंजाब की जनता को बधाई देते हुए कहा कि लंबे समय से प्रतीक्षित इस विकास से राज्य में यात्रा, व्यापार और समग्र आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के नेता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के दृष्टिकोण और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा पंजाब को सशक्त बनाने के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता के लिए मैं उनका आभारी हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘केंद्रीय मंत्री के रूप में मैं पंजाब के विकास की दिशा में निरंतर काम करने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हूं कि इस तरह की परिवर्तनकारी परियोजनाएं लोगों तक पहुंचें।’’

मोदी ने पिछले महीने जालंधर की अपनी यात्रा के दौरान लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे पर टर्मिनल भवन का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया था।

रायकोट उपखंड के हलवारा स्थित भारतीय वायु सेना अड्डे पर विकसित इस टर्मिनल से क्षेत्र में हवाई संपर्क में उल्लेखनीय सुधार होने और औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

भाषा यासिर दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments