scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशगुजरात सरकार पर्याप्त गैस उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है : उपमुख्यमंत्री संघवी

गुजरात सरकार पर्याप्त गैस उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है : उपमुख्यमंत्री संघवी

Text Size:

सूरत, 29 मार्च (भाषा) गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के लिए पांच किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है और पश्चिम एशिया संकट के बीच लोगों को अफवाहों पर विश्वास नहीं करना चाहिए।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, संघवी ने सूरत, अंकलेश्वर, वापी और भरूच के औद्योगिक संघों के साथ श्रमिकों और गैस आपूर्ति से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करने के लिए आयोजित उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करने के बाद संवाददाताओं से यह बात कही।

संघवी ने कहा, ‘‘सरकार श्रमिकों के लिए पांच किलो एलपीजी सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है। लोगों को सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास नहीं करना चाहिए तथा आधिकारिक स्रोतों से जानकारी की पुष्टि करनी चाहिए। गलत सूचना फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’

उन्होंने यह भी कहा कि दक्षिण गुजरात के पंदेसरा, वापी, अंकलेश्वर और दहेज जैसे क्षेत्रों में औद्योगिक संघ औद्योगिक रसोई और सामुदायिक सेवाओं के माध्यम से भोजन उपलब्ध करा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सूरत और आसपास के क्षेत्रों में वर्तमान में 118 सामुदायिक रसोई कार्यरत हैं।

संघवी ने गुजरात गैस कंपनी को एलपीजी का उपयोग कर रहे लोगों को पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने में तेजी लाने का भी निर्देश दिया।

उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘प्रत्येक जिले में कालाबाजारी पर नजर रखने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। गैस सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल या आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’

भाषा

शफीक सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments