जयपुर, 29 मार्च (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को यहां हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और युवाओं में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर जोर दिया।
शर्मा ने कहा कि एक प्रगतिशील समाज के निर्माण के लिए युवाओं का स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन आवश्यक है।
अजमेर रोड स्थित महिंद्रा वर्ल्ड सिटी में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ शरीर और मन न केवल जीवन को सार्थक बनाते हैं, बल्कि देश की युवा शक्ति की क्षमता को सही दिशा में उपयोग करने में भी मदद करते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत युवाओं का देश है और उनका समग्र विकास समाज तथा राष्ट्र की प्रगति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।’’
मुख्यमंत्री ने युवाओं से सही दिशा में आगे बढ़ने, अपने लक्ष्यों को हासिल करने और देश व राज्य के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
शर्मा ने कहा, ‘‘राज्य सरकार पिछले ढाई वर्षों से युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए सरकारी और निजी नौकरियों में अवसर बढ़ाने के साथ-साथ स्वरोजगार को भी प्रोत्साहित कर रही है।’’
उन्होंने युवाओं से केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और नीतियों का लाभ उठाने तथा यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि इनका लाभ पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
मैराथन को हरी झंडी दिखाने के बाद मुख्यमंत्री ने पौधारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
भाषा बाकोलिया खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
