scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमदेशदिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर रणथंभौर के पास बड़ा पुल खोला गया

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर रणथंभौर के पास बड़ा पुल खोला गया

Text Size:

जयपुर, 29 मार्च (भाषा) दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान के पास वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ा पुल (‘ओवरपास’) एकतरफा यातायात के लिए खोल दिया गया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह पुल वन्यजीवों का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के उद्देश्य से बनाया गया है।

यह पुल 11.5 किलोमीटर लंबा है और इसमें विशेष इंजीनियरिंग उपाय लागू किए गए हैं ताकि वन्यजीवों को कोई परेशानी नहीं हो और साथ ही यातायात में भी व्यवधान पैदा नहीं हो।

इसके केंद्र में 3.5 किलोमीटर लंबी वन्यजीव ‘ओवरपुल’ प्रणाली है, जिसमें लगभग 500-500 मीटर के पांच खंड हैं, साथ ही वन्यजीवों की आवाजाही के लिए विशेष ‘अंडरपास’ भी बनाए गए हैं।

लगभग 900 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से ‘लार्सन एंड टुब्रो’ कंपनी द्वारा निर्मित यह पुल रामगढ़ विषधारी वन्यजीव अभयारण्य, मुकुंदरा हिल्स बाघ अभयारण्य और कुनो राष्ट्रीय उद्यान के हिस्सों को जोड़ता है जिससे एक सतत पारिस्थितिकी गलियारा तैयार होता है।

कंपनी के अधिकारी ने बताया कि इन संरचनाओं को मिट्टी और स्थानीय वनस्पतियों से ढक दिया गया है ताकि प्राकृतिक वातावरण जैसा माहौल बने और वन्यजीव राजमार्ग पर सुरक्षित रूप से आ-जा सकें। यातायात के शोर और व्यवधान को कम करने के लिए ध्वनि अवरोधक और ऊंची दीवारें भी लगाई गई हैं।

करीब 1,500 एलईडी लाइट लगाई गई हैं जो वाहन चालकों को ढके हुए हिस्सों से सुरक्षित रूप से गुजरने में मदद करेंगी और वन्यजीवों की आवाजाही प्रभावित नहीं होगी।

अधिकारियों ने बताया कि परियोजना सितंबर 2026 तक पूरी तरह तैयार हो जाएगी।

भाषा बाकोलिया सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments