scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमदेशबाराबंकी में शादी समारोह में मांसाहार खाने के बाद 30 से अधिक लोग बीमार

बाराबंकी में शादी समारोह में मांसाहार खाने के बाद 30 से अधिक लोग बीमार

Text Size:

बाराबंकी (उप्र), 29 मार्च (भाषा) बाराबंकी जिले के देवा थाना क्षेत्र के मोहल्ला लालापुर में एक शादी समारोह के दौरान मांसाहार खाने के बाद 30 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, यह घटना शनिवार को हुई, जब खाना खाने के कुछ ही समय बाद लोगों को अचानक उल्टी-दस्त शुरू हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी पीड़ितों को इलाज के लिए देवा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश यादव भी मौके पर पहुंचे और अपनी देखरेख में उपचार शुरू कराया।

उन्होंने बताया कि कस्बे के मोहल्ला लालापुर में शनिवार को बारात आई थी, जिसमें विभिन्न प्रकार के मांसाहारी व्यंजन परोसे गए थे। इन्हें खाने के लगभग आधे घंटे बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिन लोगों की हालत में सुधार हो गया है, उन्हें घर भेजा जा रहा है जबकि अन्य का इलाज जारी है।

स्वास्थ्य विभाग इस मामले में खाद्य विषाक्तता की आशंका को लेकर गहन जांच कर रहा है।

भाषा सं आनन्द अमित खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments