पणजी, 28 मार्च (भाषा) गोवा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक वरिष्ठ नेता ने शनिवार को कहा कि राज्य में हाल में बलात्कार के मामलों में गिरफ्तार किए गए 20 वर्षीय युवक और उसके पिता का पार्टी से कोई संबंध नहीं है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता सिद्धार्थ गौंस देसाई ने कहा कि उन्होंने ही आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।
कुर्चोरेम नगर परिषद के पार्षद सुशांत नाइक के बेटे सोहम नाइक को कई लड़कियों से कथित तौर पर बलात्कार करने और उनके अश्लील वीडियो प्रसारित करने के आरोप में 22 मार्च को गिरफ्तार किया गया था।
देसाई ने कहा कि मीडिया के एक धड़े में आई खबरों के विपरीत, न तो सुशांत नाइक और न ही सोहम का भाजपा से कोई संबंध था।
उन्होंने कहा, ‘‘नगर परिषद चुनाव पार्टी चिन्हों पर नहीं लड़े जाते।’’ उन्होंने यह भी कहा कि सुशांत नाइक भाजपा के प्राथमिक सदस्य भी नहीं थे।
दक्षिण गोवा जिला पंचायत के अध्यक्ष देसाई ने कहा कि जब इस मामले में नाबालिगों के पीड़ित होने की खबर सामने आई, तो उन्होंने कुर्चोरेम थाने तक विरोध मार्च का नेतृत्व किया। सोहम फिलहाल पुलिस हिरासत में है।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
