scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमदेशप्रधानमंत्री सदैव देश के लिए खड़े रहते हैं : मुख्यमंत्री सैनी

प्रधानमंत्री सदैव देश के लिए खड़े रहते हैं : मुख्यमंत्री सैनी

Text Size:

चंडीगढ़, 28 मार्च (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हर मोर्चे पर अपने देश के नागरिकों के साथ मजबूती से खड़े रहते हैं, चाहे वह कोविड महामारी हो या पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष।

सैनी ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर ऐसे संकटों का राजनीतिकरण करने का भी आरोप लगाया।

सैनी ने हरियाणा में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति को लेकर कहा कि वह सुचारू और निर्बाध बनी हुई है।

उन्होंने पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क घटाकर तीन रुपये प्रति लीटर करने और डीजल को शुल्क से पूरी तरह मुक्त करने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि इस राहत का मतलब है कि इससे ईंधन की कीमतें स्थिर रखने में मदद मिलेगी।

सैनी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘हम सभी जानते हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘राष्ट्र प्रथम’ के अटूट संकल्प से प्रेरित होकर अपने साथी नागरिकों के साथ हर मोर्चे पर मजबूती से खड़े रहे हैं।’

उन्होंने कहा कि ऐसे समय में सहयोग करना विपक्ष की जिम्मेदारी है लेकिन वह लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।

सैनी ने कहा, ‘चाहे कोविड काल हो, पश्चिम एशिया संघर्ष से उत्पन्न वर्तमान स्थिति हो या अन्य चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां, प्रधानमंत्री ने हर बार देश को एकजुट किया है।’

उन्होंने कहा कि मोदी शांति को बढ़ावा देने और भारत के हितों की रक्षा के लिए वैश्विक नेताओं के संपर्क में हैं।

सैनी ने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘भारत प्रथम’ की नीति ने पहले ही परिणाम दिखाना शुरू कर दिया है, जिसमें भारतीय नागरिकों को वापस लाना और होर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से व्यापार के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करना शामिल है, और अब उत्पाद शुल्क में कमी प्रतिकूल प्रभावों को कम करने में मदद कर रही है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है।

सैनी ने कहा, ‘‘मैं लोगों से कहना चाहता हूं कि किसी भी घबराने की जरूरत नहीं है। उन्हें घबराकर खरीदारी नहीं करनी चाहिए और किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम नियमित रूप से तेल विपणन कंपनियों के संपर्क में हैं और उनके साथ बैठकें कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि 4,032 सरकारी पेट्रोल पंप हैं, जहां औसतन 4,804 किलोलीटर पेट्रोल और 12,003 किलोलीटर डीजल की बिक्री होती है।।

सैनी ने मोदी के साथ मुख्यमंत्रियों की डिजिटल बैठक में शुक्रवार को हिस्सा लिया था।

उन्होंने बैठक में प्रधानमंत्री को अवगत कराया कि हरियाणा में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति सुचारू और निर्बाध है।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए राज्य ने पीएनजी पाइपलाइन बिछाने के लिए लीज किराया 10 साल के अग्रिम के रूप में तीन लाख रुपये प्रति किलोमीटर से घटाकर एकमुश्त 1,000 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया है, जिससे कंपनियों और उपभोक्ताओं दोनों को लाभ होगा।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में हरियाणा में 28,377 किलोमीटर पीएनजी पाइपलाइन है। राज्य का लक्ष्य 13.33 लाख से अधिक पीएनजी कनेक्शन हासिल करने का है, जिनमें से 5.59 लाख लगाए जा चुके हैं और 3.32 लाख चालू हैं।

उन्होंने बताया कि शेष कनेक्शनों को सक्रिय करने का काम जारी है। पीएनजी विस्तार को तेज करने के लिए सरकार ने ‘डिम्ड परमिशन’ भी लागू की है और अगले तीन महीनों में घरेलू कनेक्शनों की संख्या दोगुनी होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि राज्य में 586 सीएनजी स्टेशन हैं और भिवानी, पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार, झज्जर, करनाल और कैथल जैसे जिलों में पाइपलाइन विस्तार तेजी से जारी है।

सैनी ने कहा कि प्राकृतिक गैस अवसंरचना के मामले में हरियाणा में मजबूत पाइपलाइन नेटवर्क मौजूद है, जिसमें 455 किलोमीटर लंबी छैंसा-झज्जर-हिसार पाइपलाइन, 921 किलोमीटर लंबी दादरी-बवाना-नांगल पाइपलाइन और 132 किलोमीटर लंबी दादरी-पानीपत पाइपलाइन शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि एचवीजे-जीआरईपी-डीवीपीएल नेटवर्क पूरी तरह संचालित है, जबकि मेहसाणा-बठिंडा पाइपलाइन आंशिक रूप से चालू है। रेवाड़ी-कानपुर, जामनगर-लोनी और मुंद्रा-दिल्ली जैसी पेट्रोलियम उत्पाद पाइपलाइनें पूरी तरह कार्यरत हैं, जबकि पियाला-जेवर पाइपलाइन का निर्माण कार्य जारी है।

सैनी ने रसोई गैस की स्थिति पर कहा कि हालात पूरी तरह संतोषजनक हैं। राज्य को प्रतिदिन लगभग दो लाख सिलेंडर मिलते हैं और करीब 1.9 लाख सिलेंडरों का वितरण किया जाता है।

उन्होंने बताया कि पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन में दोबारा सिलेंडर भरने के मानकों का पालन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वाणिज्यिक एलपीजी की आपूर्ति भी जारी है और अस्पतालों, स्कूलों तथा आवश्यक संस्थानों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।

सैनी ने बताया कि कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। 24 मार्च तक 928 एलपीजी सिलेंडर और चार वाहन जब्त किए जा चुके हैं, 66 आरोपियों की पहचान की जा चुकी है और आठ प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।

उन्होंने बताया कि संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त तेज कर दी गई है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

भाषा राखी नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments