scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमदेशप्रधान न्यायाधीश ने लेह में जिला अदालत परिसर एवं एलएलएस भवन का किया उद्घाटन

प्रधान न्यायाधीश ने लेह में जिला अदालत परिसर एवं एलएलएस भवन का किया उद्घाटन

Text Size:

लेह/जम्मू, 28 मार्च (भाषा) प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने शनिवार को लेह में नवनिर्मित जिला न्यायालय परिसर का उद्घाटन किया जो केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में न्यायिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

एक सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, इस उद्घाटन समारोह में लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना तथा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण पल्ली उपस्थित थे।

यहां पहुंचने पर प्रधान न्यायाधीश को औपचारिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया, जिसके बाद एक पारंपरिक स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह के तहत लद्दाख की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करने वाला एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।

जिला न्यायालय परिसर के उद्घाटन के उपलक्ष्य में एक स्मारक पट्टिका का अनावरण किया गया ।

इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश ने मेलोंग थांग स्थित नवनिर्मित लद्दाख विधिक सेवा प्राधिकरण (एलएलएसए) भवन का उद्घाटन किया और परिसर में वृक्षारोपण अभियान में भाग लिया।

न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने मीडिया से बातचीत करते हुए नई न्यायिक संरचना के निर्माण पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि ये सुविधाएं लेह के लोगों की कई पीढ़ियों तक सेवा करेंगी और न्याय सुलभता में सुधार लाएंगी।

बाद में, प्रधान न्यायाधीश ने मेलोंग थांग स्थित अत्याधुनिक उच्च न्यायालय अतिथि गृह का भी निरीक्षण किया।

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments