scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमदेशछत्तीसगढ़ : कांकेर में तीन नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

छत्तीसगढ़ : कांकेर में तीन नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

Text Size:

कांकेर, 28 मार्च (भाषा) छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक महिला माओवादी सहित तीन माओवादियों ने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के अनुसार, एरिया कमेटी सदस्य (एसीएम) राधिका कुंजाम और संदीप कड़ियाम तथा पार्टी सदस्य रैनू पद्दा ने सुरक्षाबलों के समक्ष आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण के दौरान उन्होंने तीन हथियार-दो सेल्फ-लोडिंग राइफल (एसएलआर) और एक .303 राइफल भी जमा कराए।

पुलिस ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर क्षेत्र में सक्रिय अन्य माओवादी कैडरों से संपर्क स्थापित कर उन्हें भी मुख्यधारा में शामिल कराने के प्रयास जारी हैं। इससे पहले, 25 और 26 मार्च को जिले में छह अन्य माओवादियों ने भी आत्मसमर्पण किया था।

बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टलिंगम ने इन सभी नौ माओवादी कैडरों के आत्मसमर्पण के फैसले का स्वागत करते हुए शेष माओवादियों से हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की।

पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि आत्मसमर्पण और पुनर्वास का विकल्प चुनने के लिए अब सीमित समय शेष है, इसलिए माओवादियों को इस अवसर का लाभ उठाकर शांतिपूर्ण और सम्मानजनक जीवन अपनाना चाहिए।

उन्होंने आश्वासन दिया कि आत्मसमर्पण करने वालों को सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सभी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। सुंदरराज ने बताया कि पिछले 26 महीनों में राज्य की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत 2,700 से अधिक माओवादी मुख्यधारा में शामिल हो चुके हैं।

इससे पहले, 24 मार्च को वरिष्ठ माओवादी कमांडर पापा राव ने बस्तर क्षेत्र में अपने 17 साथियों के साथ आत्मसमर्पण किया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा था कि पापा राव के आत्मसमर्पण के बाद राज्य में कोई बड़ा माओवादी नेता सक्रिय नहीं बचेगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि 31 मार्च 2026 की समय सीमा तक छत्तीसगढ़ सशस्त्र नक्सलवाद से मुक्त हो जाएगा।

भाषा

सं, संजीव रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments