scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमखेलतेजस्विन शंकर की डेकाथलॉन सत्र में जीत से शुरुआत

तेजस्विन शंकर की डेकाथलॉन सत्र में जीत से शुरुआत

Text Size:

नयी दिल्ली, 28 मार्च (भाषा) भारतीय एथलीट तेजस्विन शंकर ने अमेरिका के टेक्सास में डेविड नोबल रिले 2026 एथलेटिक्स मीट में हवा की मदद से 7947 अंक का अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाकर अपने डेकाथलॉन सत्र की शुरुआत जीत से की।

शंकर हालांकि 8000 अंक से 53 अंक पीछे रह गए।

टेक्सास में शंकर का प्रदर्शन उनके ही नाम दर्ज राष्ट्रीय रिकॉर्ड (7826 अंक) से बेहतर था जो उन्होंने पिछले साल पोलैंड में बनाया था। लेकिन अत्यधिक अनुकूल हवा (टेल विंड) के कारण विश्व एथलेटिक्स के नियमों के अनुसार यह प्रदर्शन नए रिकॉर्ड के रूप में दर्ज नहीं किया गया।

विश्व एथलेटिक्स के नियमों के मुताबिक डेकाथलॉन में रिकॉर्ड तभी मान्य होता है जब 100 मीटर, लंबी कूद और 110 मीटर बाधा दौड़ में औसत हवा की मदद +2.0 मीटर प्रति सेकंड से अधिक नहीं हो।

टेक्सास मीट में 100 मीटर (+4.7 मीटर प्रति सेकंड) और लंबी कूद (+4.5 मीटर प्रति सेकंड) में हवा की गति निर्धारित सीमा से काफी अधिक थी।

टेक्सास में 100 मीटर में +4.7 मीटर प्रति सेकंड, लंबी कूद में +4.5 मीटर प्रति सेकंड और 110 मीटर बाधा दौड़ में +2.5 मीटर प्रति सेकंड की टेलविंड रही जिससे औसत +3.9 मीटर प्रति सेकंड हो गया। इस वजह से उनका प्रदर्शन रिकॉर्ड के रूप में दर्ज नहीं हो सका।

शंकर ने फरवरी 2026 में एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हेप्टाथलॉन का स्वर्ण पदक जीता था।

भारत के लिए ऊंची कूद का राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी शंकर के नाम है, उन्होंने टेक्सास मीट के दौरान 100 मीटर (10.59 सेकंड), लंबी कूद (7.66 मीटर), शॉट पुट (13.98 मीटर) और पोल वॉल्ट (4.35 मीटर) में भी अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया।

इस प्रतियोगिता में एमिल उहलिन 7773 अंक से दूसरे स्थान पर रहे जबकि डोरियन चार्ल्स 7720 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

शंकर का यह 2026 एथलेटिक्स सत्र में पहला डेकाथलॉन मुकाबला था।

भाषा नमिता मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments