scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमदेशउप्र: राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि मामले की अगली सुनवाई छह अप्रैल को

उप्र: राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि मामले की अगली सुनवाई छह अप्रैल को

Text Size:

सुलतानपुर, 28 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले की एक विशेष अदालत में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ जारी एक मानहानि मामले की शनिवार को सुनवाई हुई।

सांसद-विधायक (एमपी-एमएलए) अदालत में सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता के वकील ने राहुल गांधी की आवाज का नमूना लेने का निर्देश देने का अनुरोध किया।

वादी के अधिवक्ता संतोष कुमार पांडेय ने बताया कि शनिवार को अदालत में राहुल गांधी की आवाज के नमूने की जांच के लिए अनुरोध किया गया।

उन्होंने दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 311 सहपठित धारा 91 के तहत एक अर्जी दी है।

अर्जी में राहुल गांधी की आवाज का नमूना लेने का अनुरोध किया गया, जिसे पहले से दाखिल की गई सीडी के साथ विधि विज्ञान प्रयोगशाला (फोरेंसिक लैब) में मिलान कराने का अनुरोध किया गया।

अधिवक्ता पांडेय ने बताया कि वह अगली सुनवाई पर बचाव पक्ष की आपत्ति को लेकर बहस करेंगे।

राहुल गांधी के वकीलों ने इस अनुरोध पर आपत्ति दर्ज कराई, जिसके बाद मामले की अगली सुनवाई छह अप्रैल के लिए निर्धारित कर दी गयी।

भाजपा नेता विजय मिश्रा ने यह मुकदमा अक्टूबर 2018 में दर्ज कराया था, जिसके बाद राहुल गांधी ने 20 फरवरी 2024 को अदालत में आत्मसमर्पण किया था हालांकि विशेष मजिस्ट्रेट ने उन्हें 25-25 हजार रुपये के दो मुचलकों पर जमानत दे दी थी।

भाषा सं जफर जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments