रांची, 28 मार्च (भाषा) उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन आज यानी शनिवार को झारखंड के खूंटी जिले में आदिवासी नायक बिरसा मुंडा के जन्मस्थल का दौरा करेंगे और रांची स्थित भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) के 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।
यह राधाकृष्णन की पदभार ग्रहण करने के बाद राज्य की उनकी पहली यात्रा होगी।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘उपराष्ट्रपति खूंटी जिले के उलिहातु गांव में बिरसा मुंडा के जन्मस्थान का दौरा करेंगे, जहां वह आदिवासी नायक को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और मुंडा के वंशजों से बातचीत करेंगे।’’
जिले के एक अधिकारी ने कहा कि राधाकृष्णन के पूर्वाह्न करीब 11 बजे उलिहातु पहुंचने की संभावना है।
उपराष्ट्रपति दोपहर में भारतीय प्रबंध संस्थान, रांची के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। वह संस्थान के सात उत्कृष्ट छात्रों को पदक प्रदान करेंगे।
आईआईएम के एक अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा, समग्र उत्कृष्टता के लिए ‘स्टूडेंट सिटिजनशिप अवॉर्ड’ और ‘प्रोफेसर आशीष हजेला अवॉर्ड’ भी प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कुल 558 डिग्री प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।
उपराष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर बिरसा मुंडा हवाई अड्डे से लोक भवन तक और आईआईएम, रांची के आस-पास के इलाके को ड्रोन, पैराग्लाइडर और हॉट एयर बैलून के लिए ‘नो-फ्लाई जोन’ (उड़ान के लिए प्रतिबंधित क्षेत्र) घोषित किया गया है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि जिन क्षेत्रों में यह प्रतिबंध लगाया गया है, उनमें हिनू चौक, बिरसा चौक और अरगोड़ा चौक शामिल हैं।
इसमें कहा गया कि यह प्रतिबंध शनिवार को सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेगा।
भाषा
सिम्मी अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
