scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमदेशहम 2029 के चुनाव महिला आरक्षण के साथ कराना चाहते हैं, कांग्रेस परिसीमन चर्चा में देरी कर रही : शाह

हम 2029 के चुनाव महिला आरक्षण के साथ कराना चाहते हैं, कांग्रेस परिसीमन चर्चा में देरी कर रही : शाह

Text Size:

नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि सरकार 2029 के चुनावों को लोकसभा की एक-तिहाई सीटों पर महिला आरक्षण के साथ कराने की इच्छुक है, लेकिन कांग्रेस परिसीमन आयोग पर चर्चा केवल मई में करना चाहती है।

‘टाइम्स नाउ समिट’ में दिए एक साक्षात्कार में शाह ने कहा कि सरकार लगभग हर दिन विपक्ष के साथ परिसीमन आयोग के गठन पर बातचीत करने की कोशिश कर रही है और कुछ विपक्षी दलों तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगियों ने इस पर चर्चा के लिए सहमति भी दे दी है।

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ विपक्षी दल इसके लिए तैयार हैं, लेकिन कांग्रेस मई में चर्चा की बात कर रही है। इसका कारण समझ नहीं आता। हम उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे हैं कि परिसीमन एक बड़ी प्रक्रिया है, जिसमें राज्यों से बातचीत और हर संसदीय क्षेत्र में सुनवाई करनी होती है।’’

शाह ने कहा, ‘‘यदि परिसीमन पूरा नहीं होता है, तो हम महिलाओं के लिए आरक्षण सुनिश्चित नहीं कर सकते। विपक्ष क्या सोच रहा है, यह मुझे नहीं पता, लेकिन हम चाहते हैं कि 2029 के चुनाव महिला आरक्षण के साथ ही हों।’’

उन्होंने राज्यसभा में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से अपील की कि वे इस विधेयक पर चर्चा कर इसे पारित कराने में सहयोग करें।

भाषा गोला संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments