scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमदेशदिल्ली के भोजनालयों का दावा, सरकार द्वारा प्रतिदिन आवंटित एक या दो सिलेंडर अपर्याप्त

दिल्ली के भोजनालयों का दावा, सरकार द्वारा प्रतिदिन आवंटित एक या दो सिलेंडर अपर्याप्त

Text Size:

नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) राजधानी के रेस्तरां ‘वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की अपर्याप्त आपूर्ति’ की समस्या से जूझ रहे हैं, और कई संचालकों का दावा है कि सरकार द्वारा आवंटन बढ़ाने के बावजूद, प्रतिदिन एक या दो सिलेंडर मिलना उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अपर्याप्त है।

कथित कमी ने भोजनालयों के दैनिक कामकाज को बाधित कर दिया है, और संचालकों का कहना है कि अनियमित आपूर्ति और अपर्याप्त आवंटन व्यवसाय की व्यवहार्यता को प्रभावित कर रहे हैं।

ग्रेटर कैलाश स्थित तड़का रानी रेस्तरां के एक प्रतिनिधि, जिसकी कई शाखाएं भी हैं, ने दावा किया कि पिछले कुछ दिनों में स्थिति और खराब हो गई है क्योंकि आपूर्ति मांग के मुकाबले काफी कम हो गई है।

प्रतिनिधि ने कहा, ‘पिछले 10 दिनों में हमें केवल एक सिलेंडर मिला है, जबकि हमारी तीनों शाखाओं में प्रतिदिन लगभग 13 सिलेंडरों की आवश्यकता होती है। हम इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) के संपर्क में हैं। शुरू में उन्होंने कहा था कि घरेलू उपभोक्ता उनकी प्राथमिकता हैं, लेकिन अब वे कम से कम हमसे बातचीत तो कर रहे हैं।’

उन्होंने कहा कि ‘कमी’ के कारण परिचालन संबंधी नुकसान हुए हैं और व्यवसायों को जीवित रहने के लिए समायोजन करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

उन्होंने कहा, ‘हमें भारी नुकसान हो रहा है। हमने परिचालन को सुचारु रूप से चलाने के लिए व्यंजनों में बदलाव किया है और मेन्यू को सीमित कर दिया है। कई रेस्तरां पहले ही बंद हो चुके हैं। हम अब भी संघर्ष कर रहे हैं और अप्रैल में कुछ राहत मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।’

शेख सराय स्थित ‘माई येलो कैफे’ के एक कर्मचारी मोहित ने बताया कि दो सप्ताह पहले अनुरोध करने के बावजूद उन्हें अभी तक कोई एलपीजी सिलेंडर प्राप्त नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा, “फिलहाल हम बिजली के उपकरणों पर निर्भर हैं क्योंकि हमें अभी तक सिलेंडर नहीं मिले हैं। हम ऐसे व्यंजन परोस रहे हैं जिनमें कम से कम पकाने की आवश्यकता होती है। इससे हमारी सेवाओं पर असर पड़ा है और कुछ नियमित ग्राहक, जिनमें ज्यादातर आस-पास के कॉलेजों के छात्र हैं, सीमित मेन्यू विकल्पों के कारण आना बंद कर चुके हैं।”

कनॉट प्लेस स्थित नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन के महासचिव अमित गुप्ता ने दावा किया कि रेस्तरां को उनकी आवश्यकता के मुकाबले सीमित मात्रा में गैस प्राप्त हो रही है।

उन्होंने कहा, ‘जिन रेस्तरां को लगभग 10 सिलेंडरों की आवश्यकता होती है, उन्हें केवल एक ही सिलेंडर मिल रहा है, वह भी अधिक कीमत पर। कई रेस्तरां बिजली के उपकरणों पर चल रहे हैं।’’

दिल्ली के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि सरकार ने सिलेंडर आवंटन बढ़ाकर इस समस्या का समाधान करने के लिए कदम उठाए हैं।

सिरसा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों का आवंटन औसत दैनिक खपत के सापेक्ष 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई कर रही है, साथ ही निवासियों और व्यवसायों को निर्बाध आपूर्ति का आश्वासन दे रही है।

मंत्री के अनुसार, प्रतिदिन सिलेंडरों का आवंटन 1,800 से बढ़ाकर 4,500 सिलेंडर (19 किलोग्राम भार के बराबर) कर दिया गया है।

नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) के सचिव मनप्रीत सिंह ने दावा किया कि आपूर्ति में जारी बाधाओं के कारण बंद होने वाले रेस्तरां की संख्या बढ़ रही है।

भाषा तान्या संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments