बेंगलुरु, 27 मार्च (भाषा) बेंगलुरु पुलिस ने फर्जी पंजीकरण नंबर प्लेट वाली एक महंगी ‘स्पोर्ट्स’ कार से खतरनाक करतब करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दिवंगत अंडरवर्ल्ड डॉन मुथप्पा राय के बेटे रिकी राय के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी), 340(2) (जाली दस्तावेज बनाना और जाली दस्तावेजों का उपयोग करना) और 341 (जाली दस्तावेज बनाने के इरादे से जाली मुहर रखना) के तहत 26 मार्च को कुब्बन पार्क थाने में मामला दर्ज किया गया था।
यह घटनाक्रम 21 मार्च की सुबह अनिल कुंबले सर्कल पर एक स्पोर्ट्स कार के कथित तौर पर तेज गति से करतब करते हुए वायरल हुए वीडियो के बाद सामने आया है, जिससे सार्वजनिक सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ था। पुलिस ने बताया कि वीडियो में कुछ लोग कार की सनरूफ से बाहर खड़े होकर चिल्लाते हुए दिखाई दिए।
पुलिस ने पहले वाहन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। बाद में कार राय के आवास पर मिली और उसे जब्त कर लिया गया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि दिल्ली में पंजीकृत वाहन में एक आकर्षक कर्नाटक पंजीकरण संख्या वाली नंबर प्लेट लगी हुई थी।
भाषा यासिर गोला
गोला
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
