(फोटो के साथ)
नयी दिल्ली/अयोध्या, 27 मार्च (भाषा) अयोध्या के राम मंदिर में ‘सूर्य तिलक’ समारोह से लेकर पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और झारखंड में जगह-जगह शोभायात्रा निकाले जाने के साथ शुक्रवार को देश के विभिन्न हिस्सों में रामनवमी भक्ति और भव्यता के साथ मनाई गई।
भगवान राम के जन्म के उपलक्ष्य में मनाया जाना वाला यह त्योहार देश के अधिकतर हिस्सों में बृहस्पतिवार को मनाया गया। हालांकि, अयोध्या समेत कई क्षेत्रों में यह उत्सव शुक्रवार को मनाया गया। उत्तर प्रदेश सरकार ने रामनवमी के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दो दिन की छुट्टी घोषित की थी।
अयोध्या में, रामनवमी का पर्व लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में बेहद भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाया गया। राम मंदिर में रामलला का ‘सूर्य तिलक’ किया गया। इस दौरान करीब नौ मिनट तक सूर्य की किरणें सीधे भगवान के ललाट पर पड़ीं। गर्भगृह में 14 पुजारियों ने वैदिक परंपरा के अनुसार अनुष्ठान संपन्न किए।
समारोह के बाद मंदिर के कपाट कुछ समय के लिए बंद कर भगवान को 56 व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। श्रीराम की प्रतिमा की स्थापना के बाद यह दूसरा ‘सूर्य तिलक’ समारोह था।
राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि श्रद्धालुओं के लिए अनुष्ठानों और संबंधित समारोहों का प्रसारण करने के लिए शहर भर में बड़ी स्क्रीन लगाई गई।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘सूर्य तिलक’ समारोह को ऑनलाइन माध्यम से देखा।
दिन के आरंभ में, भगवान को पीले वस्त्रों से सजाया गया और सुबह लगभग साढ़े पांच बजे आरती की गई।
अधिकारियों का अनुमान है कि इस अवसर पर लगभग 10 लाख श्रद्धालु मंदिर में दर्शन करने आए, और राम पथ, भक्ति पथ तथा जन्मभूमि पथ सहित पूरे परिसर और आसपास के मार्गों पर भारी भीड़ देखी गई।
जम्मू कश्मीर में, नौ दिन तक आयोजित होने वाला शत चंडी महायज्ञ रामनवमी के अवसर पर रियासी जिले में त्रिकूट पर्वत की चोटी पर स्थित माता वैष्णो देवी के मंदिर में संपन्न हुआ।
चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल के कई जिलों में शोभायात्राएं निकाली गईं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी ने पूर्वी मेदिनीपुर जिले में स्थित अपने निर्वाचन क्षेत्र नंदीग्राम में रामनवमी की शोभायात्रा निकाली।
इस दौरान, अल्पसंख्यक समुदाय के लोग अधिकारी और शोभायात्रा में शामिल अन्य लोगों को पानी, मिठाई और फल भेंट करते हुए देखे गए।
नंदीग्राम से दोबारा चुनाव लड़ रहे अधिकारी ने दावा किया कि आठ साल के अंतराल के बाद इस क्षेत्र में ऐसी शोभायात्रा का आयोजन किया गया, क्योंकि ‘‘रामनवमी समारोह के दौरान पूर्व में निकाली गईं शोभायात्राओं पर तृणमूल कांग्रेस समर्थित गुंडों ने हमला किया था।’’
बृहस्पतिवार को अधिकारी ने भवानीपुर में रामनवमी की शोभायात्रा का नेतृत्व किया, जहां वह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
शुक्रवार को कई भाजपा उम्मीदवारों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में रामनवमी शोभायात्रा निकाली, जिनमें बीरभूम का सैंथिया, झारग्राम का गोपीबल्लभपुर और बालुरघाट तथा बहरामपुर शामिल हैं।
तेलंगाना में, रामनवमी भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। श्रद्धालु विशेष पूजा करने के लिए मंदिरों में उमड़ पड़े।
मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने परंपरा के अनुसार, भद्राचलम के प्रसिद्ध श्री सीता रामचंद्रस्वामी मंदिर में अधिष्ठाता देवता के दिव्य समारोह के दौरान रेशमी वस्त्र और ‘मुत्याला तलम्ब्रालु’ (मोती और अन्य पवित्र भेंट) भेंट किए। उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क और अन्य मंत्री भी भद्राचलम मंदिर में आयोजित पूजा में शामिल हुए, जिसे अक्सर ‘‘दक्षिण का अयोध्या’’ कहा जाता है।
केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी किशन रेड्डी ने तिम्मापुर में रामनवमी समारोह में भाग लिया। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने अपने लोकसभा क्षेत्र करीमनगर के महाशक्ति मंदिर में आयोजित सीताराम कल्याणम समारोह में भाग लिया।
हैदराबाद और राज्य भर के कई अन्य शहरों और कस्बों में शोभायात्राएं आयोजित की गईं।
झारखंड में रामनवमी पर मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ निवारणपुर स्थित श्री राम जानकी तपोवन मंदिर में आयोजित अनुष्ठान में शामिल हुए।
अधिकारियों ने बताया कि रामनवमी पर मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ और कई जिलों में शोभायात्राएं निकाले जाने के मद्देनजर पूरे राज्य में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। पुलिस ने कहा कि ड्रोन, सीसीटीवी कैमरे और त्वरित प्रतिक्रिया टीम की तैनाती की गई।
अधिकारियों ने बताया कि दिन के दौरान अधिकतर जिलों में शोभायात्राएं निकाली गईं, जबकि संवेदनशील माने जाने वाले हजारीबाग और पूर्वी सिंहभूम में ये यात्रा शनिवार को निकाली जाएंगी।
बिहार में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में प्रार्थना करने के लिए एकत्रित हुए।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्य की राजधानी पटना में महावीर मंदिर सहित कई मंदिरों में पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रामनवमी के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान राम का जीवन पूरी मानव जाति के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
ओडिशा के जगन्नाथ मंदिर समेत कई मंदिरों में रामनवमी के अवसर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में हुए तनाव के कारण राज्य भर में, विशेष रूप से बालासोर, भद्रक, कटक और संबलपुर जिलों में निगरानी बढ़ा दी गई।
भाषा आशीष नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.