नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने रामनवमी के अवसर पर उत्तरी दिल्ली के मॉडल टाउन स्थित एक मंदिर में दर्शन किए और अचानक इलाके के दौरे के दौरान दिल्ली विश्वविद्यालय में बिताए अपने छात्र जीवन की यादें ताजा कीं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
आधिकारिक बयान के अनुसार, उपराज्यपाल ने बृहस्पतिवार को मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान राम का आशीर्वाद लिया।
इसके बाद संधू ने आसपास के बाजार का दौरा किया और सेंट स्टीफंस कॉलेज में अपने छात्र जीवन के दौरान इस इलाके से जुड़े अनुभवों को याद किया।
उपराज्यपाल ने ‘चाट’ और ‘भल्ला’ जैसे स्ट्रीट फूड का भी आनंद लिया और स्थानीय लोगों व दुकानदारों से बातचीत की। उनका यह अचानक दौरा कई लोगों के लिए आश्चर्य का कारण बना।
बयान के अनुसार, संधू ने नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों के बारे में भी जानकारी ली और कहा कि नागरिकों से सीधे मिलने वाली प्रतिक्रिया सरकारी एजेंसियों के कामकाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण होती है।
इसके बाद संधू ने दिल्ली मेट्रो के जरिए मॉडल टाउन से विश्वविद्यालय स्टेशन तक यात्रा की।
भाषा गोला नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.