(कॉपी में सुधार के साथ रिपीट)
सहारनपुर, 27 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक जिम प्रशिक्षक द्वारा कथित तौर पर छात्रा को नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर उससे दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक यह मामला जिले के बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र का है। पीड़िता बीएससी (नर्सिंग) की छात्रा है। पीड़िता (21) की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बुधवार को पीड़िता ने थाना बिहारीगढ पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह थाना क्षेत्र स्थित एक जिम पर जाती है, जहां उसकी पहचान जिम प्रशिक्षक शहजाद (निवासी बड़ी मस्जिद देहरादून रोड थाना गागलहेडी) से हुई थी।
जैन ने बताया कि युवती का आरोप है कि शहजाद ने उसे विश्वास में लेकर देहरादून ले जाकर प्रोटीन में नशीला पदार्थ मिलाकर दे दिया, जिससे वह बेहोश हो गई और कार में उससे दुष्कर्म किया।
उन्होंने कहा कि पीड़िता का आरोप है कि शहजाद का साथी मुकर्रम पीड़िता की गतिविधियों पर नजर रखता था और शहजाद की मदद करता था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि छात्रा की तहरीर पर थाना बिहारीगढ में मुकदमा दर्ज करते हुए शुक्रवार को आरोपी शहजाद (28) और मुकर्रम (27) को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित छात्रा का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर अदालत में पेश किया जा रहा है। जैन ने कहा कि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.