तिरुवनंतपुरम, 27 मार्च (भाषा) निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को कहा कि मेटा ने कांग्रेस के नेता वी. डी. सतीशन के टीवी साक्षात्कार का पूरा वीडियो गलती से हटा दिया, जबकि पुलिस ने वीडियो से जुड़ी कुछ टिप्पणियां हटाने का अनुरोध किया था।
केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) रतन यू केलक ने कहा कि पुलिस ने फेसबुक समेत कई सोशल मीडिया मंचों का प्रबंधन करने वाली मेटा से वीडियो के नीचे की गईं टिप्पणियां हटाने का आग्रह किया था।
उन्होंने कहा, “हालांकि उन्होंने गलती से पूरा वीडियो ही हटा दिया।”
इस बीच, सतीशन ने आरोप लगाया कि वीडियो हटाने के पीछे मुख्यमंत्री पिनराई विजयन का हाथ है क्योंकि वह उनके साक्षात्कार से डर गए थे।
उन्होंने कहा, ‘‘वह डर गए हैं। सभी तानाशाह डरते हैं। विजयन डरपोक हैं जो एक साक्षात्कार से डर गए हैं।’’
वहीं, विजयन ने कहा कि आदर्श आचार सहिंता (एमसीसी) लागू होने के बाद से वह पुलिस कार्रवाइयों से सीधे तौर पर नहीं जुड़े हैं।
उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले में पुलिस कार्रवाई की परिस्थितियों की जानकारी नहीं है और राज्य पुलिस प्रमुख से विवरण लिया जा सकता है।
केलकर ने कहा कि जब यह मुद्दा अधिकारियों और निर्वाचन आयोग के ध्यान में आया, तो पुलिस और आयोग के मीडिया निदेशक ने मेटा से तुरंत संपर्क किया ताकि वीडियो को पुनः अपलोड किया जा सके।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें पूरा विश्वास है कि वीडियो जल्द ही पुनः अपलोड कर दिया जाएगा। मेटा को हटाया गया वीडियो बहाल करने के लिए कई औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ती हैं।’’
केलकर ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि यह मुद्दा जल्दी सुलझ जाएगा।’’
भाषा जोहेब नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.