scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशनोएडा हवाई अड्डा उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए 'गेम चेंजर' साबित होगा : सरकार

नोएडा हवाई अड्डा उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए ‘गेम चेंजर’ साबित होगा : सरकार

Text Size:

लखनऊ/नोएडा, 26 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि जेवर में बन रहा नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए एक ‘गेम चेंजर’ साबित होने वाला है और इसका कृषि, उद्योग, लॉजिस्टिक्स और रोज़गार पैदा करने वाले क्षेत्रों पर व्यापक असर पड़ेगा।

राज्य सरकार ने एक बयान में कहा कि इस हवाई अड्डे का उद्घाटन 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे और यह उत्तर प्रदेश के एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य को प्राप्त करने की रफ्तार को तेज करने में अहम भूमिका निभाएगा।

सरकार ने कहा कि यह परियोजना रोजगार को बढ़ावा देगी, निवेश आकर्षित करेगी और वैश्विक कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय आर्थिक नक्शे पर राज्य की मौजूदगी को भी मजबूत करेगी।

बयान में बताया गया कि यह हवाई अड्डा कृषि, एमएसएमई, पर्यटन और उद्योगों जैसे अहम क्षेत्रों को सीधे वैश्विक बाजारों से जोड़ेगा।

बयान के मुताबिक, इस हवाई अड्डे की सालाना क्षमता लगभग सात करोड़ यात्रियों और करीब 10 लाख टन माल को संभालने की होगी और इससे कृषि, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) और लॉजिस्टिक्स क्षेत्रों को नई रफ्तार मिलेगी।

सरकार ने कहा कि फल, सब्जियां, डेयरी उत्पाद और फूल जैसे जल्दी खराब होने वाले कृषि उत्पाद अब अधिक आसानी से अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच पाएंगे। इससे किसानों की आय बढ़ने की संभावना है और ‘खेत से वैश्विक बाज़ार तक’ वाले मॉडल को मजबूती मिलेगी।

सरकार ने कहा कि इस हवाई अड्डे के बनने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे का इलाका निवेश और उद्योग के बड़े केंद्र बन जाएंगे। इससे इलेक्ट्रॉनिक्स, विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों में निवेश आकर्षित होगा।

भाषा सलीम गोला

गोला

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments