scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशराजस्थान में तेल एवं गैस की पर्याप्त उपलब्धता, घबराने की जरूरत नहीं: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

राजस्थान में तेल एवं गैस की पर्याप्त उपलब्धता, घबराने की जरूरत नहीं: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

Text Size:

जयपुर, 26 मार्च (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बृहस्पतिवार को पश्चिम एशिया की बदलती परिस्थितियों के बीच राज्य में एलपीजी, पेट्रोलियम उत्पादों और उर्वरकों की आपूर्ति की समीक्षा के लिए सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता की।

मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और प्रशासन सुचारू आपूर्ति और प्रभावी वितरण सुनिश्चित करने के लिए सख़्त निगरानी रखे हुए हैं।

उन्होंने सामूहिक ज़िम्मेदारी पर बल देते हुए सभी राजनीतिक दलों और जनता से अवैध जमाखोरी तथा कालाबाजारी रोकने में सहयोग की अपील की।

एक विज्ञप्ति के अनुसार, “मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य और जिला स्तर पर उच्च स्तरीय निगरानी समितियां बनाई गई हैं, जिनमें जिला अधिकारी, पुलिस अधीक्षक और तेल कंपनियों के अधिकारी शामिल हैं। 181, 112 और 14435 हेल्पलाइन चौबीसों घंटे जनता की शिकायतों के समाधान के लिए सक्रिय हैं।”

मुख्यमंत्री ने गैस वितरण कंपनियों को घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन शीघ्रता से उपलब्ध कराने और अस्पतालों, होटलों व रेस्त्रां जैसे वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में इसके उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि घरेलू एलपीजी की अब ‘ओटीपी’ आधारित डिलीवरी अनिवार्य कर दी गई है और उपभोक्ता पासबुक में प्रविष्टि भी अनिवार्य होगी।

विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की और नियमित निगरानी तथा पीएनजी ढांचे के विस्तार जैसे सुझाव दिए।

बाद में मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से राजस्थान फाउंडेशन के 26 चैप्टर्स एवं देश-विदेश के 60 प्रवासी राजस्थानी एसोसिएशन, प्रवासी राजस्थानी कॉर्डिनेटर्स से संवाद किया और खाड़ी देशों में रह रहे राजस्थानियों की सहायता में उनकी भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रवासी राजस्थानियों को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में कांग्रेस विधायक रामकेश मीना, राजेंद्र पारीक, भाजपा विधायक श्रीचंद्र कृपलानी, राष्ट्रीय लोकदल विधायक सुभाष गर्ग, बसपा विधायक मनोज कुमार और निर्दलीय विधायक अशोक कोठारी ने भी सुझाव दिए।

संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल बैठक में मौजूद रहे, जबकि सरकार के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भाग लिया।

भाषा बाकोलिया

गोला

गोला

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments