(तस्वीरों के साथ)
छिंदवाड़ा (मप्र), 26 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में बृहस्पतिवार शाम को एक सार्वजनिक कार्यक्रम से लौट रही एक बस और एक पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई और 31 अन्य घायल हो गए। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये और घायलों को एक-एक लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की।
उन्होंने साथ ही यह घोषणा भी की कि सभी घायलों का इलाज मुफ्त में किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर नागपुर रोड पर सिमरिया के पास हुई। उन्होंने बताया कि हादसे में छह पुरुष, तीन महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि घायलों में तीन की हालत गंभीर है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हादसे के समय बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे।
अधिकारियों ने सभी घायलों को एम्बुलेंस और अन्य वाहनों के माध्यम से जिला अस्पताल और अन्य अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे।
मुख्यमंत्री यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह को घटना में प्रभावित लोगों से मुलाकात करने के निर्देश दिए।
यादव ने हादसे में लोगों की मौत के प्रति शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वास्थ लाभ की कामना की। यादव ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज के लिए उचित व्यवस्था करने के साथ ही जबलपुर से चिकित्सकों का दल छिंदवाड़ा और नागपुर भेजने का निर्देश दिया।
यादव ने मृतकों के निकटम परिजनों को चार-चार लाख रूपये की सहायता राशि और गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान किए जाने की घोषणा की और कहा कि सभी घायलों का इलाज निःशुल्क किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राजधानी भोपाल में स्वास्थ्य विभाग में नियंत्रण कक्ष बनाकर सभी घायलों के उपचार की लगातार निगरानी की जा रही है।
विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने कहा कि छिंदवाड़ा में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रही बस की भीषण दुर्घटना में 10 लोगों की मृत्यु एवं 30 से अधिक लोगों के घायल होने की घटना अत्यंत दुखद एवं गंभीर है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि चूंकि सभी लोग मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रहे थे, अतः यह राज्य सरकार एवं स्वयं मुख्यमंत्री की प्रत्यक्ष जिम्मेदारी है कि घायलों को शीघ्र अति-शीघ्र उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायी जाए और प्रत्येक पीड़ित परिवार को तत्काल समुचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिकों के अनुसार कार्यक्रम में बसों के माध्यम से अत्यधिक संख्या में लोगों को लाया गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे में यह प्रश्न उठता है कि क्या उनके सुरक्षित आवागमन हेतु कोई ठोस एवं पर्याप्त व्यवस्था की गई थी।’’
सिंघार ने कहा कि यह केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि व्यवस्थागत लापरवाही का गंभीर संकेत है। उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार इस पर स्पष्ट जवाब दे और जिम्मेदारी तय करे।’’
भाषा सं ब्रजेन्द्र गोला
गोला
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.