scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशबंगाल: भवानीपुर विधानसभा सीट के लिए निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति को लेकर तृणमूल-भाजपा में घमासान

बंगाल: भवानीपुर विधानसभा सीट के लिए निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति को लेकर तृणमूल-भाजपा में घमासान

Text Size:

कोलकाता, 26 मार्च (भाषा) सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस द्वारा भवानीपुर विधानसभा सीट पर एक निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति पर आपत्ति जताये जाने के बाद निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल सरकार से तीन अधिकारियों का पैनल गठित करने को कहा है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

तृणमूल ने आरोप लगाया कि भवानीपुर विधानसभा सीट पर नियुक्त निर्वाचन अधिकारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी हैं।

भवानीपुर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का निर्वाचन क्षेत्र है, जहां आगामी चुनाव में शुभेंदु उन्हें चुनौती दे रहे हैं।

इससे पहले नंदीग्राम के बीडीओ सुरजीत रॉय को इस महत्वपूर्ण सीट का निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया था।

तृणमूल ने इसके विरोध में प्रदर्शन किया था और आरोप लगाया था कि सुरजीत रॉय शुभेंदु के करीबी हैं और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित कर सकते हैं।

सत्ताधारी पार्टी की शिकायत के बाद आयोग ने मुख्य सचिव दुशमंत नरयाल को पत्र लिखकर तीन उपयुक्त अधिकारियों के पैनल के गठन की मांग की।

आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह कदम चुनाव प्रक्रिया में ‘निष्पक्षता और पारदर्शिता’ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 23 व 29 अप्रैल को होगा और मतगणना चार मई को होगी।

भाषा जितेंद्र संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments