scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमविदेशसंयुक्त अरब अमीरात में मिसाइलों के मलबे की चपेट में आने से दो लोगों की मौत

संयुक्त अरब अमीरात में मिसाइलों के मलबे की चपेट में आने से दो लोगों की मौत

Text Size:

दुबई, 26 मार्च (भाषा) संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की हवाई रक्षा प्रणाली द्वारा रोकी गई मिसाइलों का मलबा बृहस्पतिवार को अबू धाबी की एक सड़क पर गिरा, जिसकी चपेट में आने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी।

संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यूएई की हवाई रक्षा प्रणाली ईरान से आने वाली मिसाइलों और ड्रोन हमलों के खतरों का नियमित अंतराल पर जवाब दे रही है।

अबू धाबी मीडिया कार्यालय ने बताया, ‘‘हवाई रक्षा प्रणालियों द्वारा एक बैलिस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक रोके जाने के बाद अबू धाबी अधिकारियों ने स्वेहान स्ट्रीट में मलबा गिरने की घटना पर प्रतिक्रिया दी है।’’

उसने बताया, ‘‘इस घटना में दो अज्ञात व्यक्तियों की मौत हो गई, तीन लोग घायल हो गए और कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। आगे की जानकारी उचित समय पर दी जाएगी।’’

‘गल्फ न्यूज’ के मुताबिक, अबू धाबी में हुई ताजा घटना के बाद मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 11 हो गई है।

संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इससे पहले मारे गए नौ लोगों में सशस्त्र बलों के तीन सदस्य शामिल हैं। अब तक पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश और फलस्तीन के छह लोग भी मारे गए हैं।

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि वह किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है और देश की संप्रभुता, सुरक्षा और स्थिरता की रक्षा सुनिश्चित करते हुए तथा अपने राष्ट्रीय हितों और क्षमताओं की सुरक्षा करते हुए राज्य की सुरक्षा को कमजोर करने के किसी भी प्रयास का दृढ़तापूर्वक मुकाबला करेगा।

भाषा गोला देवेंद्र

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments