scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशदिल्ली की मुख्यमंत्री ने छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं

Text Size:

नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को दुर्गा अष्टमी के अवसर पर शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के एक सरकारी स्कूलों में इस वर्ष 10वीं कक्षा में प्रवेश लेने वाली 1100 छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य यह है कि छात्राओं को स्कूल आने-जाने में आसानी हो।

इस कार्यक्रम के दौरान, गुप्ता ने छात्राओं को साइकिल सौंपते हुए उनसे बातचीत भी की। वह शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र से ही विधायक हैं।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘हमने देखा है कि कभी-कभी लड़कियों को घर से स्कूल जाने में दिक्कतें आती हैं। अब साइकिल की मदद से लड़कियां बिना किसी परेशानी के अपने घर और स्कूल आ जा सकेंगी।’

गुप्ता ने कहा कि इस पहल से बालिकाओं की शिक्षा में आने वाली बाधाओं को दूर करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर कहा कि मां के रूप में इन कन्याओं का पूजन केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि यह स्मरण है कि जहां बेटियों का सम्मान होता है, वहीं सच्ची समृद्धि का वास होता है।

उन्होंने कहा, “इसी श्रद्धा और संकल्प के साथ आज 1100 बेटियों को साइकिलें प्रदान की गईं। इस वर्ष से हमारी सरकार ने बजट में दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली नौवीं कक्षा में उत्तीर्ण 1,30,000 बेटियों को साइकिल प्रदान करने का प्रावधान किया है। इससे उन्हें आने-जाने में सुविधा होगी, पढ़ाई बीच में छोड़ने की दर कम होगी और माता-पिता की चिंता भी कम होगी।”

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘दिल्ली का भविष्य इन बेटियों की उड़ान से ही उज्ज्वल होगा और मां दुर्गा से यही प्रार्थना है, हर बेटी सशक्त बने, हर घर में सुख-समृद्धि आए और यह भक्ति और शक्ति का संगम सदैव बना रहे।’’

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक, गुप्ता ने कहा कि जब उन्होंने छात्राओं से उनकी समस्याएं जानीं तो पता चला कि स्कूल आने-जाने में कठिनाई के कारण कई बार पढ़ाई प्रभावित होती है, यहां तक कि कुछ बच्चियों को स्कूल छोड़ना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि इसी समस्या के समाधान के लिए सरकार ने निर्णय लिया कि हर वर्ष नौवीं कक्षा में आने वाली प्रत्येक छात्रा को साइकिल दी जाएगी। इस वर्ष लगभग 1,30,000 छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए उनके साथ अपने पिता की सीख साझा की और कहा कि परिस्थितियों के अनुसार डटकर जवाब देना सीखें, डरें नहीं।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि दिल्ली सरकार उनकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी लेती है और हर बेटी को आगे बढ़ने का पूरा अवसर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज की साइकिल योजना पर टिप्पणी को ‘बेहद शर्मनाक’ बताया। उन्होंने कहा, “हमारी बेटियां देवी हैं, उनके भविष्य के लिए बनाई गई योजना पर ऐसी बातें करना दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसी सोच पर उन्हें शर्म आती है।”

बहरहाल, गुप्ता ने छात्राओं के बीच जाकर उनसे बातचीत भी की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्राओं से पूछा, ‘साइकिल चलानी आती है ना? अगर नहीं आती तो वह सीख लें। अब आप अपनी पढ़ाई अपने दम पर पूरी करेंगी।’

मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल में प्रस्तुत दिल्ली के बजट में उन्होंने बेटियों, बहनों और महिलाओं के लिए अधिकतम योजनाएं शामिल करने का प्रयास किया है ताकि समाज का यह वर्ग सशक्त और आत्मनिर्भर बन सके।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए उनकी सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं को भी गिनाया जिसमें में ‘लखपति बिटिया योजना’ और 1000 महिलाओं को उनके नाम पर नए ऑटो परमिट देना शामिल है।

दिल्ली सरकार ने 2026-27 के अपने बजट में नौवीं कक्षा की लगभग 1,30,000 छात्राओं को मुफ्त साइकिल उपलब्ध कराने के लिए 90 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments