scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशदयालपुर में किशोर की चाकू घोंपकर हत्या, तीन नाबालिग पकड़े गए

दयालपुर में किशोर की चाकू घोंपकर हत्या, तीन नाबालिग पकड़े गए

Text Size:

नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में 16 वर्षीय लड़के की उसके घर के पास कथित रूप से चाकू घोंपकर इसलिए हत्या कर दी गई, क्योंकि वह एक आरोपी को तंग किया करता था। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हत्या के संबंध में तीन नाबालिगों को पकड़ा गया है।

उनके मुताबिक, यह घटना बुधवार को तब हुई जब कुछ लोगों ने पीड़ित को घर के बाहर बुलाया।

अधिकारियों ने बताया कि इसके कुछ देर बाद वह अपने परिवार को घर के पास बेहोश मिला और उसे फौरन जगप्रवेश चंद अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शुरुआती जांच में पता चला है कि लड़के पर 13 से 17 साल की उम्र के तीन लड़कों ने हमला किया था। इस बाबत दयालपुर थाने में मामला दर्ज किया गया और बाद में आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस ने बताया कि अपराध में इस्तेमाल चाकू आरोपियों के पास से बरामद कर लिया गया है।

एक अधिकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि पीड़ित उनमें से एक को तंग किया करता था जिस वजह से कथित रूप से इस वारदात को अंजाम दिया गया।

पीड़ित की मां ने आरोप लगाया कि हमलावर उसके बेटे को जानते थे और वह उसे बहला-फुसलाकर बाहर ले गए थे।

पीड़ित की मां ने कहा, ‘‘उसे तीन-चार लड़कों ने बुलाया था। जैसे ही वह बाहर निकला, उन्होंने पहले उसे गले लगाया और फिर उस पर कई बार चाकू से वार किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उसने (पीड़ित ने) कभी किसी से झगड़ा नहीं किया। उसे बेवजह मार डाला गया।’’

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान नोमान शफीक

शफीक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments