scorecardresearch
Tuesday, 21 April, 2026
होमदेशपुलिसकर्मी बनकर लोगों को धोखा देने वाला गिरफ्तार

पुलिसकर्मी बनकर लोगों को धोखा देने वाला गिरफ्तार

Text Size:

लातूर, 25 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के लातूर जिले में खुद को पुलिसकर्मी बता कर चोरी का सामान बरामद करने में मदद करने के बहाने लोगों को ठगने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, आरोपी समाचार पत्रों में प्रकाशित चोरी की घटनाओं पर नजर रखता था। वह फर्जी दस्तावेजों और यूपीएससी के कथित साक्षात्कार वीडियो का इस्तेमाल कर खुद को पुलिस अधिकारी बताता था। फिर चोरी हुई कीमती वस्तुएं बरामद करने का झांसा देकर पीड़ितों से भारी रकम वसूलता था।

पुलिस ने बताया कि स्थानीय अपराध शाखा ने आरोपी के पास से 4.3 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं।

इस संबंध में मंगलवार को जारी पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, जिले में धोखाधड़ी की कई शिकायतों की जांच के बाद सोमवार को परभणी निवासी आरोपी विजय अनिरुद्ध कदम (25) को गिरफ्तार किया गया।

विज्ञप्ति के अनुसार, अपराध शाखा की टीम को यह सूचना मिली थी कि शहर के न्यू रेणापुर नाका के पास एक व्यक्ति खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों को ठग रहा था।

इसके बाद टीम ने सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को गिरफ्तार किया और उसके पास से 4.3 लाख रुपये नकद बरामद किए।

विज्ञप्ति के मुताबिक, पूछताछ के दौरान कदम ने बताया कि वह समाचार पत्रों में छपी चोरी की खबरों पर नजर रखता था और फिर पीड़ितों के संपर्क नंबर हासिल कर उनसे पुलिस अधिकारी के रूप में मिलता था।

इसके बाद वह उक्त सामग्री दिखाकर पीड़ितों का विश्वास जीतता था और चोरी हुई कीमती वस्तुएं बरामद करने का झांसा देकर पीड़ितों से भारी रकम वसूलता था।

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments