scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमखेलदक्षिणेश्वर और वैष्णवी की प्रगति देखकर खुशी हुई, लेकिन हमें व्यवस्थित ढांचा बनाने की जरूरत: बोपन्ना

दक्षिणेश्वर और वैष्णवी की प्रगति देखकर खुशी हुई, लेकिन हमें व्यवस्थित ढांचा बनाने की जरूरत: बोपन्ना

Text Size:

बेंगलुरु, 24 मार्च (भाषा) दिग्गज टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना युवा खिलाड़ी दक्षिणेश्वर सुरेश और वैष्णवी अडगर की प्रगति से काफी खुश हैं लेकिन उन्होंने टेनिस के लिए एक व्यवस्थित ढांचा तैयार करने की जरूरत पर जोर दिया।

दक्षिणेश्वर और वैष्णवी ने हाल में अच्छा प्रदर्शन किया। दक्षिणेश्वर ने डेविस कप में अपनी छाप छोड़ी जबकि वैष्णवी किसी महिला 100 टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी भारतीय खिलाड़ी बनी। उनसे पहले सानिया मिर्जा ने यह उपलब्धि हासिल की थी।

बोपन्ना ने दक्षिणेश्वर की प्रशंसा करते हुए पीटीआई से कहा, ‘‘मुझे उनके लिए बहुत खुशी है। मुझे लगता है कि कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद, उन्हें वहां आकर चैलेंजर सर्किट की चुनौतियों का सामना करना चाहिए। असली सफर तो वहीं से शुरू होता है। और हां, उनका खेल बहुत ही शानदार है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उनकी सर्विस बहुत अच्छी है और विशेष कर पुरुष टेनिस में इस तरह की सर्विस होना बहुत बड़ा अंतर पैदा करता है। मुझे लगता है कि उनमें अपार क्षमता है। बस उनके आसपास सही टीम का होना, मेरे ख्याल से, उनके खेल के कई बेहतरीन पहलुओं को बदल सकता है और उन्हें सही राह पर ले जा सकता है।’’

बोपन्ना ने सर्किट में तेजी से प्रगति करने के लिए वैष्णवी की सराहना भी की।

उन्होंने कहा, ‘‘वैष्णवी ने शानदार प्रगति की है। मैं वास्तव में यह देखना चाहता हूं कि हम उनके इर्द-गिर्द एक व्यवस्थित ढांचा तैयार कर सकते हैं। हमारे पास कोई ढांचा नहीं है, चाहे वह एकल हो, युगल हो या कुछ और।’’

बोपन्ना ने कहा, ‘‘हमारे देश में टेनिस में जो भी आगे बढ़ा है उसने अपने लिए खुद रास्ता तैयार किया है। हमारे पास वास्तव में इसके लिए कोई ढांचा नहीं है। युवा खिलाड़ियों के लिए एक व्यवस्थित ढांचा तैयार करने की जरूरत है जिससे वह शीर्ष स्तर पर पहुंच सकें।’’

भाषा

पंत आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments