scorecardresearch
Monday, 20 April, 2026
होमदेशतमिलनाडु विधानसभा चुनाव : द्रमुक नीत गठबंधन में वीसीके को मिलीं आठ सीट

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव : द्रमुक नीत गठबंधन में वीसीके को मिलीं आठ सीट

Text Size:

चेन्नई, 24 मार्च (भाषा) तमिलनाडु में 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने मंगलवार को अपने गठबंधन सहयोगी विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके) के साथ सीट बंटवारे के समझौते पर हस्ताक्षर किए, जिसके तहत वीसीके को दो सामान्य निर्वाचन क्षेत्रों सहित आठ सीट आवंटित की गई हैं।

द्रमुक के राज्य मुख्यालय ‘अन्ना अरिवलयम’ में दोनों दलों के नेताओं की मौजूदगी में द्रमुक अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन और वीसीके प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने हस्ताक्षर कर इस समझौते को अंतिम रूप दिया।

वीसीके ने पहले दस सीट की मांग की थी। हालांकि, वह मंगलवार को आयोजित दूसरे दौर की बातचीत के दौरान अंततः आठ सीट पर सहमत हो गई।

समझौते के अनुसार, द्रमुक के नेतृत्व वाले ‘सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस’ (एसपीए) के हिस्से के रूप में वीसीके छह आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों और दो सामान्य सीट पर चुनाव लड़ेगी।

बाद में पत्रकारों से बात करते हुए थिरुमावलवन ने कहा कि उनकी पार्टी ने वे दो सामान्य निर्वाचन क्षेत्र प्राप्त कर लिए हैं, जिनकी उसने मांग की थी।

उन्होंने कहा, ‘ ‘एसपीए’ में हाल ही में नये दल शामिल हुए हैं और इसमें कुल 18 दल हैं। इसलिए सहयोगियों के बीच सीट-बंटवारे की बातचीत लंबी खिंचने की संभावना है। सभी दलों के साथ सीट-बंटवारे की बातचीत दो या तीन दिनों में अंतिम रूप ले लेगी।’

अधिक सीट की मांग के बावजूद केवल आठ सीट पर सहमत होने पर वीसीके नेता ने कहा, ‘जब द्रमुक आगे आई है और अपनी सीटों का त्याग किया है, तो गठबंधन की खातिर सीट को छोड़ना हमारा कर्तव्य है।’

भाषा प्रचेता दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments