scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमदेशविजयवाड़ा में आतंकी संबंधों के संदेह में तीन गिरफ्तार

विजयवाड़ा में आतंकी संबंधों के संदेह में तीन गिरफ्तार

Text Size:

विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश), 24 मार्च (भाषा) सोशल मीडिया पर कथित तौर पर चरमपंथी विचारधारा का समर्थन करने और आतंकी नेटवर्क के साथ संदिग्ध संबंधों के आरोप में यहां तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान मोहम्मद रहमतुल्ला शरीफ (23), मिर्जा सोहेल बेग (23) और मोहम्मद दानिश (27) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि कट्टरपंथी सामग्री और प्रचार से जुड़ी ऑनलाइन गतिविधियों की निगरानी के दौरान इनका पता चला।

अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘खुफिया जानकारी के आधार पर हमारी टीम ने तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। वे सोशल मीडिया मंचों पर चरमपंथी सामग्री साझा करने और उसे बढ़ावा देने में संलिप्त पाए गए हैं।’

उन्होंने बताया कि एक समन्वित अभियान के तहत सोमवार को खुफिया अधिकारियों ने तीनों को टू टाउन इलाके में उनके आवास के पास गिरफ्तार किया। मामले की जांच जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये तीनों देशभर में सक्रिय लगभग 10 सदस्यों वाले एक नेटवर्क का हिस्सा हैं। यह समूह कथित तौर पर युवाओं को प्रभावित करने और उन्हें चरमपंथी गतिविधियों की ओर मोड़ने का प्रयास कर रहा है।

अधिकारी ने यह भी कहा कि आतंकवादी संगठनों के साथ उनके संभावित संबंधों और ऑनलाइन गतिविधियों की प्रकृति का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी जांच शुरू कर दी है।

भाषा प्रचेता शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments